• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

हिमालय की ऊंचाइयों पर लहराया 2,500 वर्ग फुट का विशाल तिरंगा,CM धामी ने किया स्वागत

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

 देहरादून, उत्तराखण्ड

भारतीय तटरक्षक बल और हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट, दार्जिलिंग के संयुक्त पर्वतारोहण दल ने 7,045 मीटर ऊंची माउंट मुकुट ईस्ट चोटी पर सफल आरोहण कर एक ऐतिहासिक उपलब्धि प्राप्त की है। बता दें,भारतीय तटरक्षक बल के इतिहास में 7,000 मीटर से अधिक ऊंची चोटी पर यह पहला सफल आरोहण है।

इसी कड़ी में सीएम धामी ने देहरादून में अभियान दल का स्वागत करते हुए सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हिमालय की कठिन परिस्थितियों में मिली यह सफलता पर्वतारोहियों के साहस, अनुशासन, मेहनत और टीम भावना का प्रतीक है। यह उपलब्धि पूरे देश के लिए गर्व की बात है।

उत्तराखण्ड राज्य स्थापना के 25 गौरवशाली वर्षों को समर्पित इस अभियान के दौरान माउंट मुकुट ईस्ट की चोटी पर 2,500 वर्ग फुट का विशाल उत्तराखण्ड ध्वज फहराया गया। यह प्रदेश की गौरवशाली पहचान और हिमालय से उसके गहरे संबंध को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान साहस, शौर्य और पर्वतारोहण की समृद्ध  परंपरा से जुड़ी है। राज्य सरकार प्रदेश की इस पहचान को और मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में पर्वतारोहण और साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं।  सरकार इन गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को साहसिक खेलों से जोड़ने पर भी ध्यान दे रही है। ऐसे अभियान युवाओं को मेहनत करने, अनुशासन अपनाने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देते हैं।

2027 के एवरेस्ट अभियान की तैयारी में बड़ी सफलता अभियान दल के नेता और एचएमआई दार्जिलिंग के प्राचार्य कर्नल रजनीश जोशी ने बताया कि भारतीय तटरक्षक बल वर्ष 2027 में अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूरे करेगा। इस स्वर्ण जयंती के अवसर पर प्रस्तावित माउंट एवरेस्ट अभियान की तैयारी के लिए पर्वतारोहियों के चयन और प्रशिक्षण की जिम्मेदारी एचएमआई को सौंपी गई है।

15 सितंबर से 9 अक्टूबर 2026 तक चले इस अभियान से पहले दल सिक्किम हिमालय में माउंट बी.सी. रॉय और माउंट थिंचेनखांग का भी सफल आरोहण कर चुका है। इन अभियानों से पर्वतारोहियों को ऊंचाई पर कठिन परिस्थितियों में काम करने, तकनीकी कौशल विकसित करने और मिलकर लक्ष्य हासिल करने का महत्वपूर्ण अनुभव मिला है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि माउंट मुकुट ईस्ट पर मिली सफलता और इससे प्राप्त अनुभव वर्ष 2027 के प्रस्तावित एवरेस्ट अभियान में उपयोगी सिद्ध होंगे।