अलीगढ़, उत्तर प्रदेश
यूपी के अलीगढ़ में एक ऐसी PCS पाठशाला चल रही है, जो टीनशेड के नीचे शुरू हुई थी, लेकिन आज यह छात्रों के लिए उम्मीद की किरण बन चुकी है। इस पाठशाला की अहम बात यह है कि यहां छात्रों से कोई फीस नहीं ली जाती। बता दें, इस पहल की शुरुआत वर्ष 2016 में उस समय के उपजिलाधिकारी डॉ. पंकज वर्मा ने की थी। उन्होंने अपने व्यस्त समय में से समय निकालकर छात्रों को पढ़ाना शुरू किया, ताकि वे सिविल सेवा में आगे बढ़ सकें। शुरुआत में कुछ ही छात्र थे, लेकिन धीरे-धीरे यह संख्या बढ़ती गई और आज यहां कई जिलों से छात्र पढ़ने आते हैं। अब यह पाठशाला अलीगढ़ के मालवीय पुस्तकालय में संचालित हो रही है।
इस पाठशाला से पढ़कर अब तक दर्जनों छात्र PCS अधिकारी बन चुके हैं। हाल ही में आए परिणाम में यहां के 20 छात्रों ने PCS परीक्षा पास की, जिसके बाद एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में सफल छात्रों को सम्मानित किया गया और उन्होंने अपने संघर्ष की कहानियां भी साझा कीं। वहीं कार्यक्रम में कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। सभी ने इस पहल की सराहना की और छात्रों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। डॉ. पंकज वर्मा ने बताया कि उन्होंने यह शुरुआत केवल मार्गदर्शन देने के उद्देश्य से की थी, क्योंकि उस समय जिले में सिविल सेवा की तैयारी के लिए अच्छा माहौल नहीं था। छात्रों ने भी इस पाठशाला को अपनी सफलता का श्रेय दिया। उनका कहना है कि सही दिशा, मेहनत और आत्मविश्वास से ही वे इस मुकाम तक पहुंचे हैं। इस पूरी पहल ने यह सिद्ध कर दिया है कि अगर उद्देश्य मजबूत हों और सही मार्गदर्शन मिले, तो किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।



