सीएम योगी आदित्यनाथ ने बच्चों के नाम लिखी 'पाती'
लखनऊ
गर्मी की छुट्टियां शुरू होते ही बच्चों में खुशी और उत्साह बढ़ जाता है। कोई नई चीजें सीखना चाहता है, तो कोई परिवार के साथ समय बिताने की योजना बनाता है। इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छात्रों और अभिभावकों के लिए एक खास पाती लिखी है, जिसमें उन्होंने छुट्टियों का सही उपयोग करने का संदेश दिया है।
सीएम योगी ने लिखा,
मेरे प्यारे बच्चों, गर्मी की छुट्टियां आप सभी के लिए आनंद, उत्साह और नए अनुभवों का समय लेकर आती हैं। स्कूल की व्यस्त दिनचर्या से राहत मिलते ही मन कुछ नया सीखने, नई जगह देखने और अपने साथ समय बिताने को उत्सुक हो उठता है। यही समय है, जब आप अपनी रुचियों को पहचानें, नई आदतें विकसित करें और ऐसे अनुभव प्राप्त करें, जो आगे चलकर आपके व्यक्तित्व के विकास में सहायक बनें। किशोर और युवा इन छुट्टियों में नई भाषा या कोई नया कौशल सीख सकते हैं। यह समय अच्छी पुस्तकों से दोस्ती करने, फोटोग्राफी, चित्रकारी, पाक कला, संगीत और बागवानी जैसी रुचियों को पूरा करने का भी हो सकता है।”
साथ ही सीएम ने अभिभावकों के लिए भी संदेश दिया। सीएम योगी ने लिखा,
“प्रिय अभिभावकों, कुछ बातें मैं आपसे भी साझा करना चाहता हूं। हममें से अधिकतर लोगों ने बचपन में दादा-दादी और नाना-नानी से कहानियां सुनी होंगी, लेकिन आज बच्चे इन अनुभवों से दूर होते जा रहे हैं। मेरा आपसे आग्रह है कि इन छुट्टियों में बच्चों को ननिहाल और ददिहाल जरूर ले जाएं। उन्हें परिवार के साथ समय बिताने दें, ताकि वे अपने संस्कारों और परंपराओं को करीब से जान सकें।



