हरिद्वार, उत्तराखण्ड
उत्तराखण्ड में 19 अप्रैल से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए सरकार ने नई पहल की है। इस बार यात्रियों की सुविधा और वाहनों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग ने ग्रीन कार्ड प्रणाली लागू की है। परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने हरिद्वार के रोशनाबाद स्थित एआरटीओ कार्यालय में ग्रीन कार्ड प्रणाली का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था से चारधाम यात्रा में शामिल व्यावसायिक वाहनों की अच्छी तरह जांच होगी और केवल फिट और सुरक्षित वाहन ही यात्रा में शामिल हो सकेंगे।
वाहन मालिक अब परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं और निर्धारित शुल्क जमा कर सकते हैं। इसके बाद उन्हें अपने वाहन का तकनीकी निरीक्षण नजदीकी परिवहन कार्यालय में करवाना होगा, जिसके बाद ग्रीन कार्ड जारी किया जाएगा। बता दें पहले दिन हवन-पूजन के साथ इस प्रक्रिया की शुरुआत हुई और करीब 34 वाहनों को ग्रीन कार्ड जारी किए गए। साथ ही इस नई व्यवस्था से उम्मीद है कि चारधाम यात्रा पहले से ज्यादा सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न होगी।



