अल्मोड़ा, उत्तराखण्ड
आज के समय में पर्यावरण संरक्षण एक अहम आवश्यकता बन गया है, सरकार और समाज दोनों ही इस दिशा में कई प्रयास कर रहे हैं।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में राज्य सरकारें अपने-अपने स्तर पर नित नई योजनाएं लेकर आ रही हैं। उत्तराखंड सरकार ने इस दिशा में अनोखी पहल शुरू की है। उत्तराखंड के पहाड़ों पर लुत्फ उठाने आने वाले पर्यटक अब स्मृति सहेजने के लिए पौधा लगा सकेंगे। जैसे हम यात्रा के यादगार पलों को संजोने के लिए सेल्फी लेते हैं, ठीक वैसे ही अब पर्यटक स्मृति पौधा लगाएंगे। इसके लिए उत्तराखंड सरकार अल्मोड़ा में स्मृति वन तैयार कर रही है। इस पहल से न केवल पर्यावरण संरक्षण होगा, पहाड़ों की सुरंदता बढ़ेगी, बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। अल्मोड़ा के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कसारदेवी के पास सिमतोला ईको पार्क में बनाया जा रहा है। इस योजना की शुरुआत वन विभाग के उप वन संरक्षक दीपक सिंह ने की है। बताते चलें की इस पहल का उद्देश्य है कि अल्मोड़ा को एक हराभरा और पर्यावरण के प्रति जागरूक पर्यटन केंद्र बनाया जाए। यहां न केवल आम पौधे लगाए जाएंगे, बल्कि औषधीय पौधों का भी एक विशेष जंगल तैयार किया जाएगा। इससे स्थानीय जैव विविधता को बढ़ावा मिलेगा और पर्यावरण भी सुरक्षित रहेगा। हालांकि इसमें खास बात यह है कि जो लोग यहां पौधा लगाएंगे, वे स्वंय उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाएंगे। यह पहल एक उदाहरण बनेगा कि कैसे हम अपने प्रियजनों की यादों को हरियाली में बदल सकते हैं और आने वाली पीढ़ियों को एक हरा-भरा भविष्य दे सकते हैं।