• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

हरिद्वार में श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी सौगात, ‘गंगा सारथी’ से होंगे मां गंगा के दर्शन

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

हरिद्वार, उत्तराखण्ड

सनातन धर्म में मां गंगा का स्थान केवल एक नदी का नहीं, बल्कि करोड़ों हिंदुओं की आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है। हर साल देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचकर मां गंगा के दर्शन करते हैं और हरकी पैड़ी पर गंगा स्नान कर पुण्य लाभ प्राप्त करते हैं। ऐसे में बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए गंगा दर्शन की राह आसान बनाने की दिशा में हरिद्वार नगर निगम एक महत्वपूर्ण पहल करने जा रहा है।

जी हां, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं नगर आयुक्त नंदन कुमार की पहल पर हरकी पैड़ी क्षेत्र में ‘गंगा सारथी’ नाम से इको-फ्रेंडली इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट सेवा शुरू करने की योजना बनाई गई है और इसे दीपावली से पहले शुरू करने की तैयारी है।  

नगर आयुक्त नंदन कुमार के अनुसार, इस सेवा को लगभग ढाई किलोमीटर के दायरे में संचालित करने की योजना है। पहले चरण में मुख्य डाकघर से हरकी पैड़ी तक और दूसरे चरण में हरकी पैड़ी से भीमगोड़ा कुंड तक इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट चलाई जाएंगी। शुरुआत में कुल 20 गोल्फ कार्ट चलाने का प्रस्ताव है।

इस पहल से विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों, दिव्यांगजनों और उन श्रद्धालुओं को लाभ मिलेगा, जिन्हें अधिक दूरी पैदल चलने में परेशानी होती है। धार्मिक पर्वों और त्योहारों के दौरान भी श्रद्धालुओं के आवागमन को आसान बनाने में यह सेवा मददगार सिद्ध हो सकती है।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए गोल्फ कार्ट में जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम, अग्निशमन उपकरण और प्राथमिक उपचार किट उपलब्ध कराने की योजना है। इसके साथ ही रास्ते में यात्रियों को मार्गदर्शन देने और भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए प्रत्येक 100 मीटर पर मार्शल तैनात करने का प्रस्ताव है।

नगर निगम की प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार, मुख्य डाकघर से हरकी पैड़ी और हरकी पैड़ी से भीमगोड़ा कुंड तक प्रति यात्री किराया 20 रुपये रखा गया है। स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों के लिए मासिक पास तथा विशिष्ट अतिथियों के लिए वीआईपी पास की व्यवस्था भी प्रस्तावित है।

वही यात्रियों की सुविधा के लिए मुख्य डाकघर के पास, हरकी पैड़ी और एक अन्य प्रमुख स्थान पर टिकट काउंटर बनाए जाने की योजना है। साथ ही वाहनों की चार्जिंग और रखरखाव के लिए सर्वानंद घाट के निकट मुख्य चार्जिंग स्टेशन एवं मेंटेनेंस सेंटर और हरकी पैड़ी पर गुरु के लंगर के पास सब-स्टेशन स्थापित करने का प्रस्ताव है।

बता दें, ‘गंगा सारथी’ सेवा की एक अहम बात यह है कि यह वाहन बैटरी से चलेंगे। इससे स्थानीय स्तर पर धुआं नहीं निकलेगा और ध्वनि प्रदूषण भी कम होगा। गंगा तट की स्वच्छता, शांति और धार्मिक वातावरण बनाए रखने में यह पहल उपयोगी हो सकती है।