अयोध्या, उत्तर
प्रदेश
अयोध्या के राम मन्दिर में इस वर्ष एक अहम
शुरुआत होने जा रही है। जी हां, पहली बार माता जानकी के जन्मोत्सव को विधि-विधान
के साथ भव्य रूप में मनाया जाएगा, जिसकी
तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
जानकारी के अनुसार, अयोध्या में स्थित
राम मन्दिर में 25 अप्रैल
को वैशाख नवमी के दिन माता जानकी का जन्मोत्सव पहली बार मनाया जाएगा। इस अवसर पर
मंदिर के प्रथम तल पर, जहां
भगवान श्री राम के साथ माता जानकी विराजमान हैं, वहां विशेष पूजा और भव्य झांकी सजाई
जाएगी। गर्भगृह में धार्मिक अनुष्ठान भी किए जाएंगे। अयोध्या के कई अन्य मन्दिरों
में भी जानकी नवमी को लेकर उत्साह है। शहर में 12 से अधिक मंदिरों में इस दिन खास
कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें रंग महल, जानकी महल, सद्गुरु सेवासदन, विभूति भवन, कनक महल और छोटी देवकाली मंदिर प्रमुख
हैं। इन सभी स्थानों पर भव्य झांकियां और धार्मिक आयोजन होंगे।
खास बात यह है कि
छोटी देवकाली मन्दिर से नवमी से एक दिन पहले विशाल रथ यात्रा भी निकाली जाएगी,
जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल
होंगे। श्री राम जन्मभूमि
तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अपने वार्षिक कैलेंडर में पहली बार जानकी नवमी को भी
शामिल किया है। ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र के अनुसार, मन्दिर में विराजमान सभी देवी-देवताओं
के लिए अलग-अलग तिथियों पर आयोजन किए जाएंगे। इसी क्रम में अब जानकी नवमी का उत्सव
भी हर साल मनाया जाएगा। इस
दिन राम दरबार की भव्य झांकी सजाई जाएगी और पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की
जाएगी।