चमोली, उत्तराखण्ड
जी हां, चीन सीमा से लगे चमोली जिले की नीती घाटी जैसे दुर्गम क्षेत्र में अब पहली बार मोबाइल नेटवर्क और 4G इंटरनेट सेवा शुरू हो गई है। नीती, क्यूंगलूनग और बमल्स गांव में बीएसएनएल के तीन मोबाइल टावर चालू हो गए हैं। भारत सरकार की वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत चीन और नेपाल सीमा से लगे 91 गांवों में विकास कार्य किए जा रहे हैं। पहले चरण में 51 गांवों को विकसित किया जा रहा है, जिसमें नीती घाटी भी शामिल है।
इस योजना का मकसद सीमावर्ती गांवों को मजबूत बनाना, वहां के लोगों का जीवन बेहतर करना और पलायन को रोकना है। इसी के तहत बीएसएनएल ने यहां मोबाइल टावर लगाकर संचार सुविधा शुरू की है। कठिन पहाड़ी परिस्थितियों के बावजूद यह काम एक साल से कम समय में पूरा किया गया। अब इस इलाके में मोबाइल और इंटरनेट आने से सेना को बेहतर संचार सुविधा मिलेगी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी। साथ ही गांव के लोगों को स्वास्थ्य, शिक्षा, सरकारी योजनाओं और आपदा से जुड़ी जानकारी आसानी से मिल सकेगी। भविष्य में यहां पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे, जिससे लोगों को अपने गांव में ही काम मिलेगा और पलायन कम होगा।



