हरिद्वार, उत्तराखण्ड
सनातन परंपरा के नाम पर
लोगों को भ्रमित करने और आस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सरकार ने सख्त
कदम उठाए हैं। इसी के तहत ‘ऑपरेशन कालनेमि’ चलाया जा रहा है, जिसमें ऐसे ढोंगियों
पर कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में बहादराबाद में पुलिस ने ‘ऑपरेशन कालनेमि’ के तहत 9 ढोंगियों को गिरफ्तार किया है। ये लोग साधु का भेष बनाकर
तंत्र-मंत्र और जादू-टोना दिखाते थे और श्रद्धालुओं को गुमराह करते थे। एसएचओ
अमरजीत सिंह के अनुसार, शनिवार को पुलिस टीम इलाके
में गश्त कर रही थी। इसी दौरान कुछ लोग संदिग्ध हालत में साधु के वेश में दिखाई
दिए। जांच करने पर पता चला कि वे लोगों को धोखा दे रहे थे। इसके बाद पुलिस ने सभी
को हिरासत में लेकर शांतिभंग में चालान कर दिया। गिरफ्तार आरोपी अलग-अलग राज्यों
के रहने वाले हैं, लेकिन फिलहाल बहादराबाद
क्षेत्र में रह रहे थे।
आस्था को व्यापार बनाने
वालों, धर्म के नाम पर गुमराह करने वालों और हिन्दू
प्रतीकों का दुरुपयोग करने वालों पर अब कड़ी कार्रवाई हो रही है। यह अभियान न केवल
पाखंडियों का पर्दाफाश कर रहा है, बल्कि उत्तराखण्ड की
धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखने की दिशा में एक अहम कदम है।



