लखनऊ, उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश के आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने शुक्रवार को लखनऊ से चार आतंकियों को गिरफ्तार किया। ये सभी आरोपी लखनऊ, अलीगढ़ और गौतमबुद्ध नगर समेत कई जिलों में धमाके और सामूहिक हमले की योजना बना रहे थे। एटीएस अब इन आरोपियों को रिमांड पर लेकर उनसे और जानकारी जुटाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए लखनऊ की स्पेशल कोर्ट में अर्जी भी दी गई है।
जांच में सामने आया है कि ये चारों आतंकी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए काम कर रहे थे। ये लोग रेलवे सिग्नल बॉक्स, बड़े नेताओं और महत्वपूर्ण संस्थानों की रेकी कर उनकी जानकारी आईएसआई को भेजते थे। इनके मोबाइल से कई वीडियो और कॉल रिकॉर्डिंग भी मिली हैं। गिरफ्तार आरोपियों में शाकिब, अरबाब, विकास गहलावत और लोकेश शामिल हैं। इनके पास से ज्वलनशील पदार्थ, पम्फलेट, मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद हुए हैं।
इस गिरोह का सरगना शाकिब मेरठ में नाई का काम करता था और सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी भेजता था। यह गिरोह पहले भी कई जगह आगजनी कर चुका है और वीडियो बनाकर अपने हैंडलरों को भेजता था। एटीएस को इनकी जानकारी करीब एक हफ्ते पहले मिली थी। इसके बाद इनकी तलाश शुरू हुई और आखिरकार लखनऊ रेलवे स्टेशन के पास से इन्हें पकड़ लिया गया। उस समय ये रेलवे सिग्नल बॉक्स की फोटो ले रहे थे और ट्रेन हादसा कराने की योजना बना रहे थे।



