मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक युवा महिला ने अपने पिता के सपने को पूरा करने के लिए छोटे से निवेश से कारोबार शुरू किया और आज उसे लाखों तक पहुंचा दिया है, जी हां, मुरादाबाद की पीतल कारोबारी आंचल भटनागर पिछले तीन से चार साल से इस क्षेत्र में काम कर रही हैं। उन्होंने अपने पिता के सपने को पूरा करने के लिए पीतल का कारोबार शुरू किया। शुरुआत में उन्होंने केवल 10 हजार रुपए से अपना काम शुरू किया था।
आंचल ने बताया कि उन्होंने एमबीए किया है, लेकिन नौकरी करने के बजाय अपना खुद का कारोबार आगे बढ़ाने का फैसला किया। आज उनका कारोबार धीरे-धीरे बढ़ रहा है और उनका टर्नओवर 10 से 15 लाख रुपए तक पहुंच चुका है। उन्होंने बताया कि वह होम डेकोर और पूजा से जुड़े पीतल के कई तरह के उत्पाद बेचती हैं। कुछ सामान उनकी फैक्ट्री में तैयार होता है, जबकि कुछ बाहर बनवाया जाता है। उनकी फैक्ट्री में 5 से 6 लोग काम करते हैं, वहीं कुछ लोग घर से भी काम करते हैं।
आंचल का कहना है कि उनके उत्पादों की मांग पूरे भारत में है। आगे चलकर वह अपने कारोबार में ब्रास कटलरी आइटम और नए होम डेकोर प्रोडक्ट्स भी जोड़ना चाहती हैं, ताकि अपने बिजनेस को और आगे बढ़ा सकें। अगर इंसान मेहनत और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़े, तो छोटी सी शुरुआत भी बड़ी सफलता में बदल सकती है।



