देहरादून, उत्तराखण्ड
स्वदेशी को बढ़ावा देने और युवाओं में देशभक्ति की भावना जागृत करने के उद्देश्य से स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर युवाओं को स्वदेशी उत्पाद अपनाने और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प से जोड़ने के लिए स्वदेशी संकल्प दौड़ आयोजित की गई, इस कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर युवाओं को दौड़ के लिए रवाना किया। कार्यक्रम के दौरान स्वदेशी के क्षेत्र में कार्य करने वाले विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया गया। इस दौड़ का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वदेशी उत्पादों के उपयोग के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत की महान परंपरा के प्रतीक और युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद की जयंती पर सभी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि युवाओं के बीच आकर उन्हें गर्व और आनंद की अनुभूति हो रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा ऊर्जा से भरे होते हैं और यही ऊर्जा देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं को मजबूत नींव बताया था और आज भारत उसी विचारधारा पर आगे बढ़ रहा है। सीएम धामी ने कहा कि युवा सिर्फ देश का वर्तमान नहीं, बल्कि भविष्य भी हैं। युवाओं की मेहनत, सोच और ऊर्जा से ही भारत वर्ष 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनेगा। स्वदेशी संकल्प दौड़ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में युवाओं का मजबूत कदम है।अंत में मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए युवाओं से उनके विचारों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।



