• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

उज्बेकिस्तान के ताशकंद में चमकी उत्तराखंड की बेटी, महक चौहान बनीं प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

उज्बेकिस्तान के  ताशकंद में चमकी उत्तराखंड की बेटी, महक चौहान बनीं प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट


उत्तराखंड के उत्तरकाशी में सीमांत जनपद उत्तरकाशी के मोरी प्रखंड स्थित बद्रासू गांव की बेटी महक चौहान ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। भारतीय सीनियर महिला रग्बी टीम की खिलाड़ी महक चौहान को उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद में आयोजित CASA Rugby 7s Championship 2026 में महिला प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया है।


16 और 17 मई 2026 को आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में महक ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने भारतीय टीम की ओर से सर्वाधिक 9 ट्राई स्कोर किए।  


सेंट्रल एंड साउथ एशिया 7s  चैंपियनशिप में भारतीय महिला रग्बी टीम ने कई मजबूत टीमों के खिलाफ मुकाबले खेले। हालांकि टीम पदक जीतने से मामूली अंतर से चूक गई, लेकिन खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने भविष्य के लिए नई उम्मीदें जगाई हैं। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यह प्रतियोगिता भारतीय महिला रग्बी टीम के लिए महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय अनुभव साबित होगी।


महक चौहान इससे पहले भारत की अंडर-18 और अंडर-20 महिला रग्बी टीम का भी हिस्सा रह चुकी हैं। उन्होंने कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश को गौरवान्वित किया है,  इससे पूर्व भी वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक जीत चुकी हैं।


महक की इस उपलब्धि से उत्तरकाशी सहित पूरे उत्तराखंड में खुशी का माहौल है। क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान तथा कई जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई दी है महक की सफलता पहाड़ की बेटियों के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है और यह साबित करती है कि अवसर मिलने पर उत्तराखंड की प्रतिभाएं विश्व मंच पर अपनी पहचान बना सकती हैं।