वाराणसी
धर्म और आस्था की नगरी काशी एक बार फिर देव दीपावली के भव्य उत्सव के लिए तैयार है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा के घाट लाखों दीपों की रोशनी से जगमगा उठेंगे। गंगा के अर्धचंद्राकार घाटों पर जलते दीपों की सुनहरी छटा पूरे शहर को अलौकिक बना देगी। इस बार देव दीपावली पर काशी में 11 लाख से अधिक दीप जलाए जाएंगे। देश-विदेश से आए श्रद्धालु इस अद्भुत नजारे के साक्षी बनेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के
मार्गदर्शन में देव दीपावली का आयोजन हर साल और भव्य होता जा रहा है। इस बार भी
काशी में आस्था, संस्कृति
और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर
सिंह इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
2100 ड्रोन से दिखेगी काशी की दिव्यता
इस बार देव दीपावली का सबसे बड़ा आकर्षण
2,100 स्वदेशी ड्रोन का शो
होगा। पहली बार इतने बड़े स्तर पर ड्रोन के माध्यम से भगवान शिव, मां गंगा के अवतरण, शिव तांडव और काशी की आध्यात्मिक विरासत
को आसमान में दर्शाया जाएगा। काशी विश्वनाथ मंदिर, मां विशालाक्षी और बाबा काल भैरव की
आकृतियां भी दिखाई जाएंगी।
3D प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो होगा
आकर्षण
चेतसिंह किले पर 17 मिनट की 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग और आठ मिनट का
लेजर शो आयोजित किया जाएगा। इसमें काशी, भगवान शिव और मां गंगा से जुड़े पौराणिक प्रसंगों को रोशनी और
संगीत के माध्यम से दिखाया जाएगा।
ग्रीन आतिशबाजी से जगमगाएगा आसमान
देव दीपावली के अवसर पर गंगा पार रेती
पर करीब 10 मिनट का ग्रीन एरियल
फायर क्रैकर्स शो होगा। भगवान शिव के भजनों की धुन के साथ आसमान रंग-बिरंगी रोशनी
से भर उठेगा। इस दौरान 'हर-हर
महादेव शंभू', 'शिव
तांडव स्तोत्रम्' और
'मेरा भोला है भंडारी'
जैसे भजनों की गूंज सुनाई देगी।
दशाश्वमेध घाट पर होगी भव्य गंगा
महाआरती
देव दीपावली पर दशाश्वमेध घाट की गंगा
महाआरती विशेष आकर्षण रहेगी। शंखनाद, मंत्रोच्चार और पुजारियों की लयबद्ध आरती से पूरा वातावरण
भक्तिमय हो जाएगा। गंगा की लहरों के बीच लाखों दीपों की रोशनी इस उत्सव को यादगार
बनाएगी।
पर्यटन को नई पहचान दिला रही देव
दीपावली
वर्ष 2017 के बाद से देव दीपावली के आयोजन को लगातार भव्य रूप दिया गया है। ड्रोन शो, लेजर शो, प्रोजेक्शन मैपिंग और गंगा आरती जैसे कार्यक्रमों ने इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। इस अवसर पर देश के अलग-अलग राज्यों और विदेशों से बड़ी संख्या में पर्यटक काशी पहुंच रहे हैं। होटल, होम स्टे और नौका विहार से जुड़े कारोबार में भी उत्साह देखने को मिल रहा है। देव दीपावली आज केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और पर्यटन को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने वाला भव्य आयोजन बन चुकी है। काशी का यह प्रकाश पर्व 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की भावना को भी मजबूत कर रहा है।



