नोएडा, उत्तर प्रदेश
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में नोएडा के मैकेनिकल इंजीनियर और
पर्यावरणविद् प्रदीप डाहलिया एक प्रेरणादायक पहल कर रहे हैं। उन्होंने अपने पिता
के साथ वर्ष 2017 में ट्री बैंक की शुरुआत की, जिसका उद्देश्य केवल
पौधे लगाना नहीं, बल्कि लोगों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना
है।
प्रदीप और उनकी टीम अब तक नोएडा की ग्रीन बेल्ट में छह लाख से अधिक
पौधे लगा चुकी है। इनमें पीपल, बरगद, नीम और पीलखन
जैसे देशी व पर्यावरण के लिए लाभदायक वृक्षों को प्राथमिकता दी जाती है, जो
हरियाली बढ़ाने और स्वच्छ वातावरण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
साथ ही सेक्टर-142 स्थित ट्री बैंक से लोगों को निःशुल्क पौधे दिए जाते हैं। इसके लिए पौधा लेने वाले व्यक्ति को पहले पौधारोपण स्थल की जानकारी और फोटो साझा करनी होती है। पौधा लगाने के बाद उसकी जीपीएस लोकेशन और तस्वीर भेजने पर ही प्रक्रिया पूरी मानी जाती है। वहीं, गाजियाबाद स्थित यूनिट में तैयार की जाने वाली वर्मी कम्पोस्ट खाद पौधों के बेहतर विकास में सहायक बन रही है। यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज को हरियाली और प्रकृति के प्रति जागरूक बनाने का भी सशक्त उदाहरण है।



