नई दिल्ली
चाणक्य वार्ता प्रकाशन समूह के 10 वर्ष पूर्ण होने पर ‘भारत गौरव उत्सव 2026’ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ शताब्दी वर्ष की थीम पर आयोजित पहले दिन का कार्यक्रम पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर एन रवि के आतिथ्य, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य भय्याजी जोशी की अध्यक्षता में सिविल सर्विसेज ऑफिसर्स इंस्टिट्यूट ऑडिटोरियम, नई दिल्ली में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में विश्व हिन्दू परिषद के संरक्षक दिनेश चंद्र जी का सान्निध्य प्राप्त हुआ।
संघ शताब्दी वर्ष पुस्तक श्रृंखला के अंतर्गत प्रकाशित एवं विजय कुमार द्वारा संकलित पुस्तक ‘राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ तिथि दर्पण’ का विमोचन मुख्य अतिथि राज्यपाल आर एन रवि ने किया।
राज्यपाल आर एन रवि जी ने कहा कि संघ के शताब्दी वर्ष में प्रमाणित तिथियों का संकलन करके लिखी यह पुस्तक आगे की पीढ़ियों के लिए सहायक साबित होगी। विकट परिस्थितियों में संघ की स्थापना हुई। वह साधारण परिस्थिति नहीं थी। भारत को आंतरिक व राष्ट्र स्तर पर कमजोर करने की शक्ति काम कर रही थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उस स्थिति में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ परिवार बना और राष्ट्र की सेवा करते हुए आज 100 साल का हो गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भारत का कवच है। सुरक्षित कवच है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख रामलाल जी ने कहा कि संघ में इतिहास को देखने की अलग दृष्टि है। विजयादशमी केवल एक पर्व नहीं, उसके पीछे विजय का संकल्प है। संघ किसी राजनीतिक दल से, उद्योगपति से नहीं समाज से चलता है। इसलिए वह आज 100 साल का हुआ है। दुनिया में शांति के लिए भारत का बड़ा होना बहुत जरूरी है।
भय्याजी जोशी जी ने कहा कि पुस्तक लिखना कठिन कार्य होता है। संघ के कारण ही आज समाज में बहुत बड़ा परिवर्तन आया है। उन्होंने कहा कि कोई कितनी भी कोशिश कर ले भारत को समाप्त नहीं कर सकता। क्योंकि भारत की आंतरिक शक्ति बहुत मजबूत है। भारत की प्रासंगिकता विश्व में सदैव बनी रहेगी। इस आंतरिक शक्ति का नाम है राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ।
धन्यवाद ज्ञापन चाणक्य वार्ता के अंतरराष्ट्रीय सलाहकार कैलाश कंदोई ने किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में आयोजक अंतरराष्ट्रीय हिंदी पाक्षिक पत्रिका ‘चाणक्य वार्ता’ के संपादक डॉ. अमित जैन ने सभी का अभिनंदन किया एवं परिचय कराया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सौ वर्षों की यात्रा, उसके विचारों, सामाजिक योगदान और राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका पर विचार व्यक्त किए। पुस्तक के माध्यम से संघ की ऐतिहासिक यात्रा, महत्वपूर्ण घटनाओं एवं तिथियों को संकलित करने के प्रयास की भी सराहना की गई।



