हरिद्वार, उत्तराखण्ड
जब राष्ट्र की बात 'सनातन, स्व और भारत के भविष्य' पर आकर टिकती है, तो इसका सबसे जीवंत स्वरूप हमारी उन जड़ों में दिखाई देता है जो सदियों से हमारी संस्कृति को सींचती आ रही हैं। उत्तराखण्ड से ऐसी ही तस्वीर सामने आई है, जिनसे हर सनातनी को गर्व के उल्लास से भर दिया है।
संस्कारों की छाँव में पलती सनातन चेतना
हरिद्वार में आयोजित आर्य समाज सेक्टर-1 बीएचईएल के 62वें वार्षिकोत्सव के दौरान जो दृश्य दिखा, उसने बड़े-बड़े विद्वानों को भी अचरज में डाल दिया। मात्र 7 वर्ष की आयु में श्रुति ने सामवेद के 400 मंत्रों का शुद्ध उच्चारण के साथ पाठ कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। बचपन से ही आर्य समाज की शिक्षा-दीक्षा में पली श्रुति ने न केवल वेदों के श्लोक सस्वर पढ़े, बल्कि सामवेद की पारंपरिक पद्धति के अनुसार संध्या कराकर यह साबित कर दिया कि यदि 'स्व' यानी अपनी पहचान और संस्कृति का बीज सही आयु में बोया जाए, तो वह असाधारण प्रतिभा का रूप ले लेता है।
यज्ञ की पवित्रता और आत्मिक शांति का संदेश
कार्यक्रम के दौरान शनिवार को श्रुति ने पांच कुंडीय यज्ञ में मुख्य यजमान की भूमिका निभाई और पूर्ण विधि-विधान से यज्ञ संपन्न किया। इस दौरान उन्होंने सहजता से कहा कि "यज्ञ करने से आत्मिक शांति मिलती है।" इस भव्य आयोजन में उत्तराखंड संस्कृत संस्थान के सचिव प्रोफेसर विनय विद्यालंकार, संस्था के अध्यक्ष डा. बलवीर तलवार, आचार्य डा. रामकृष्ण शास्त्री, संरक्षक ओपी बत्रा, मंत्री मदन सिंह, कोषाध्यक्ष राकेश गुप्ता और संयोजक आचार्य योगेंद्र मेधावी जैसे प्रबुद्धजन सम्मिलित हुए और श्रुति की इस अद्भुत प्रतिभा की खुलकर प्रशंसा की।
भारत का भविष्य: जड़ों से जुड़ा युवा समाज
एक ओर जहां आधुनिकता की अंधी दौड़ में कई बार युवा अपनी संस्कृति से विमुख होने लगते हैं, वहीं हरिद्वार की यह घटना एक नई सुबह का संकेत देती है। यह बताती है कि भारत का भविष्य इस देश के बच्चों के भीतर रची-बसी सनातन संस्कृति और नैतिक मूल्यों पर टिकेगा। भजन, प्रवचन, ऋषि प्रसाद लंगर और परमार्थ निकेतन ऋषिकेश के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद मुनि के सानिध्य में 31 कुंडीय यज्ञ की पूर्णाहुति के साथ संपन्न हुआ यह आयोजन यह संदेश देता है कि जब तक हमारी माटी में वेदों और संस्कारों की ऐसी धारा बहती रहेगी, तब तक 'स्व' और 'सनातन' का यह गौरवशाली भविष्य अमर रहेगा।
उत्तराखण्ड के हरिद्वार से सामने आई 7 साल की मासूम श्रुति की ये सफलता इस बात का प्रमाण है कि भारत का भविष्य अपनी प्राचीन वेदों की ऋचाओं और सनातन संस्कारों के बलबूते कितना सुरक्षित और स्वर्णिम होने जा रहा है।



