• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

यूपी में 23 से 30 नवंबर तक विशेष रोजगार सप्ताह, लाखों श्रमिकों को मिलेगा काम का अवसर

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

लखनऊ, उत्तर प्रदेश

ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने और श्रमिकों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए योगी सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत उत्तर प्रदेश में 23 से 30 नवंबर तक विशेष रोजगार सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान पात्र श्रमिकों को उनकी मांग के अनुसार अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

सरकार ने इस अभियान की तैयारी पहले से ही शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत 21 नवंबर से ही गांवों में विकास कार्य शुरू करा दिए जाएंगे। हालांकि, कृषि कार्यों को ध्यान में रखते हुए 1 से 20 नवंबर तक योजना के काम रोक दिए गए हैं। इस अवधि में आगे होने वाले कार्यों की तैयारी की जाएगी।

ग्राम्य विकास आयुक्त प्रमोद कुमार उपाध्याय ने सभी जिलों को निर्देश दिए हैं कि 375 अनुमन्य कार्यों में से ऐसे कार्यों का चयन किया जाए, जिनसे ज्यादा से ज्यादा श्रमिकों को रोजगार मिल सके। इस अभियान में जल संरक्षण, ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने और टिकाऊ ग्रामीण संपत्तियों के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही आजीविका मिशन से जुड़े कार्य भी कराए जाएंगे।

काम में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कार्य शुरू होने से पहले फोटो और वीडियो बनाए जाएंगे। ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी की जाएगी। श्रमिकों को समय पर ई-मस्टर रोल जारी करने और काम की नियमित निगरानी की जिम्मेदारी मुख्य विकास अधिकारियों को सौंपी गई है। योगी सरकार का यह प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार बढ़ाने, गांवों के विकास को गति देने और श्रमिकों को उनकी मांग के अनुसार काम उपलब्ध कराने की दिशा में अहम कदम है।