वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा, हरिद्वार
में शुरू हुआ पहला हिलांस रिटेल आउटलेट
उत्तराखंड में महिला सशक्तीकरण और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल शुरू हुई, प्रदेश का पहला हिलांस रिटेल आउटलेट हरिद्वार में शुरू किया गया। यह पहल ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के सहयोग से शुरू हुई है।
इस रिटेल आउटलेट के माध्यम से स्वयं सहायता
समूहों से जुड़ी हजारों महिलाओं को अपने उत्पादों के विपणन के लिए स्थायी मंच
मिलेगा और यहां उत्तराखंड के स्थानीय खाद्य उत्पाद, जैविक सामग्री,
हस्तशिल्प,
मिलेट
आधारित उत्पाद, पारंपरिक दालें जैसे गहत, भट्ट
और तोर, मसाले, जड़ी-बूटियां तथा डेयरी उत्पाद बिक्री के लिए
उपलब्ध रहेंगे।
यह पहल केंद्र सरकार के वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूत करने के साथ-साथ राज्य सरकार के लखपति दीदी अभियान को भी गति देगी इससे ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
रीप परियोजना की जिला परियोजना प्रबंधक सोनम
गुप्ता के अनुसार, राज्य स्तर पर हुए एमओयू के बाद इस मॉडल का
विस्तार अन्य स्थानों पर भी किया जाएगा और आने वाले समय में प्रदेश के विभिन्न
आईओसीएल पेट्रोल पंपों पर भी ऐसे आउटलेट खोले जाएंगे।
जिला प्रशासन का मानना है कि देहरादून, ऋषिकेश
और हरिद्वार आने वाले लाखों पर्यटक अब यात्रा के दौरान उत्तराखंड के पारंपरिक और
जैविक उत्पाद आसानी से खरीद सकेंगे, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और महिला
उद्यमिता को नई मजबूती मिलेगी।



