देहरादून, उत्तराखण्ड
उत्तराखण्ड की पवित्र चारधाम यात्रा ने
इस वर्ष श्रद्धा और आस्था का नया रिकॉर्ड बनाया है। जी हां, बाबा केदारनाथ, भगवान बदरी विशाल, मां गंगोत्री और मां यमुनोत्री के दर्शन
के लिए अब तक 56,18,497 श्रद्धालु देवभूमि पहुंच चुके हैं। श्रद्धालुओं की यह
संख्या वर्ष 2023 के पिछले रिकॉर्ड को भी पार कर गई है।
चारधाम यात्रा के प्रति देशभर के श्रद्धालुओं का बढ़ता उत्साह उत्तराखण्ड की धार्मिक और आध्यात्मिक महत्त्व को दर्शाता है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के साथ ही राज्य सरकार ने यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए सुविधाओं को लगातार मजबूत किया है। बता दें, यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य सेवाएं, यातायात व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग, आवास और आपदा प्रबंधन जैसी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और एसडीआरएफ सहित विभिन्न विभाग मिलकर श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम बनाने में जुटे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के
मार्गदर्शन में केदारनाथ और बदरीनाथ सहित उत्तराखण्ड के प्रमुख तीर्थस्थलों पर
बुनियादी सुविधाओं और कनेक्टिविटी में लगातार सुधार हुआ है। इसका सकारात्मक प्रभाव
चारधाम यात्रा में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या के रूप में भी दिखाई दे रहा है।
इसी कड़ी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देवभूमि आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु राज्य का अतिथि है। सरकार का प्रयास है कि हर श्रद्धालु सुरक्षित, सुविधाजनक और सुखद यात्रा का अनुभव लेकर लौटे। चारधाम यात्रा में बना यह नया रिकॉर्ड उत्तराखण्ड की आस्था, आध्यात्मिक विरासत और देशभर के श्रद्धालुओं के बढ़ते विश्वास का प्रतीक है। आने वाले समय में बेहतर सुविधाओं के साथ देवभूमि में तीर्थयात्रियों का स्वागत और भी भव्य रूप से किया जाएगा।



