देहरादून, उत्तराखण्ड
उत्तराखण्ड की विश्वप्रसिद्ध चारधाम
यात्रा ने इस वर्ष नया रिकॉर्ड कायम किया है। चारधाम यात्रा में दर्शन करने वाले
श्रद्धालुओं की संख्या 49
लाख के पार पहुंच गई है। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या से यात्रा को लेकर
उत्साह का माहौल है। मानसून के बाद यात्रा के दूसरे चरण को सुरक्षित, सुचारु और सुविधाजनक बनाने के लिए
प्रशासन तथा बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते
हुए बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान
दिया जा रहा है। इसी सिलसिले में बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने मुख्यमंत्री
पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को दोनों धामों में
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए जा रहे कार्यों और आगामी यात्रा की तैयारियों की
जानकारी दी।
BKTC अध्यक्ष ने बताया कि इस वर्ष चारधाम
यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची है। गुरुवार तक बदरीनाथ
धाम में 16,86,438
और केदारनाथ धाम में 14,75,679
श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। दोनों धामों को मिलाकर अब तक 31,62,117 श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। वहीं,
हेमकुंड साहिब सहित पूरी चारधाम यात्रा
में श्रद्धालुओं की संख्या 49
लाख से अधिक हो गई है।
अगले चरण के लिए व्यापक तैयारियां
आगामी यात्रा को लेकर भी श्रद्धालुओं
में उत्साह बना हुआ है। बदरीनाथ धाम के लिए करीब 19 लाख और केदारनाथ धाम के लिए 20.5 लाख से अधिक श्रद्धालु पंजीकरण करा
चुके हैं। इससे आने वाले दिनों में यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की
संभावना है।
श्रद्धालुओं की संभावित बढ़ती संख्या को
देखते हुए प्रशासन और बीकेटीसी व्यवस्थाओं को और मजबूत करने में जुटे हैं। मंदिरों
में दर्शन व्यवस्था, भीड़
प्रबंधन, स्वच्छता, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की अन्य आवश्यक
सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
प्रशासन का प्रयास है कि यात्रा के
दूसरे चरण में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें सुरक्षित,
सुगम एवं सुखद यात्रा का अनुभव मिले।
चारधाम यात्रा में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या उत्तराखण्ड की धार्मिक और
आध्यात्मिक पर्यटन के प्रति बढ़ते आकर्षण को भी दर्शाती है।



