• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

मुरादाबाद में शुरू हुआ निःशुल्क बुक बैंक

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश

समाज की उन्नति में शिक्षा की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होती है, और यह केवल सरकार ही नहीं बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी भी है कि वह शिक्षा को बढ़ावा देने में अपना योगदान दे। मुरादाबाद नगर निगम ने शिक्षा को बढ़ावा देने और गरीब बच्चों की सहायता के लिए बुक बैंक शुरू किया है। इस बुक बैंक में जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को निःशुल्क में किताबें दी जा रही हैं। इसका उद्देश्य उन बच्चों की सहायता करना है, जो पैसे की कमी के कारण किताबें नहीं खरीद पाते।

इस बुक बैंक में स्कूल, कॉलेज और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी कई तरह की किताबें उपलब्ध हैं। छात्र अपनी आवश्यकता के अनुसार यहां से किताबें लेकर पढ़ाई कर सकते हैं। बुक बैंक में काम करने वाले अमरीश शर्मा ने बताया कि ये किताबें लोग खुद दान में देकर जाते हैं। फिर इन किताबों को जरूरतमंद बच्चों तक पहुंचाया जाता है। यहां लगभग हर विषय की किताब मिल जाती है। नगर निगम और नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल का प्रयास है कि कोई भी बच्चा आर्थिक परेशानी के कारण पढ़ाई से पीछे न रह जाए। इस पहल से कई बच्चों को लाभ मिल रहा है। यह बुक बैंक सिविल लाइन क्षेत्र में स्थित है, जहां शहर और गांव दोनों जगहों के बच्चे आकर निःशुल्क में किताबें ले सकते हैं। इससे उन्हें अपने सपनों को पूरा करने का मौका मिल रहा है।