हरिद्वार, उत्तराखण्ड
आगामी कांवड़ मेले को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए अधिक सुविधाजनक बनाने की तैयारियां हरिद्वार में तेज हो गई हैं। प्रशासन और पुलिस लगातार व्यवस्थाओं का जायजा लेकर समय रहते सभी जरूरी व्यवस्था पूरे करने में जुटे हैं। जानकारी के अनुसार, कांवड़ मेले की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने शहर के प्रमुख पार्किंग स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने बैरागी कैंप, दक्षद्वीप और पंतद्वीप पार्किंग पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पार्किंग स्थलों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, हाई मास्ट लाइट, शौचालय और पीने के पानी की व्यवस्था समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले में आने वाले शिवभक्तों को किसी भी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। नगर निगम को बैरागी कैंप के सभी सेक्टरों में पर्याप्त शौचालय लगाने और सफाई कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
वही पंतद्वीप पार्किंग के निरीक्षण के दौरान कुछ कमियां सामने आने पर जिलाधिकारी ने उन्हें तुरंत दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने, अतिरिक्त दुकानों से हुए अतिक्रमण को हटाने और नियमों का सख्ती से पालन कराने के लिए कहा। साथ ही संबंधित ठेकेदार पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाने और जिम्मेदार अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को 25 जुलाई तक कांवड़ मेले से जुड़ी सभी तैयारियां हर हाल में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि मेला सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक तरीके से संपन्न हो सके।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने भी अधिकारियों को सभी
व्यवस्थाएं तय समय में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने पंतद्वीप पार्किंग से
अतिक्रमण हटाने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा। निरीक्षण के दौरान
पुलिस, सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल
निगम, जल संस्थान और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



