• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

"दुनिया को धर्म का अमृत देना है भारत को" - डॉ. मोहन भागवत जी

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

 मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

देवभूमि शुकतीर्थ में महर्षि शुकदेव आश्रम में वीतराग स्वामी कल्याण देव जी की पुस्तक के द्वितीय संस्करण अभिनंदन के विमोचन के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी पधारे। कार्यक्रम का प्रारंभ स्वामी ओमानंद जी महाराज द्वारा दीप प्रज्वलन करके किया गया। वीतराग स्वामी कल्याण देव के जीवन के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि स्वामी कल्याण देव ने अपने पूरे जीवन में लगभग 300 शिक्षण संस्थाएं स्थापित की। स्वामी कल्याण देव सन 1945 में शुक तीर्थ आने लगे थे, उन्होंने इस क्षेत्र के विकास के लिए बहुत योगदान दिया राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत जी ने पुस्तक का विमोचन करते हुए कहा कि मैंने पूरी दुनिया में घूम कर यह पाया कि  विश्व की सभी सभ्यताएं, संस्कृति अपना अधिकतम इस विश्व को दे चुकी हैं। जबकि भारतीय संस्कृति में अभी देने के लिए सब कुछ बचा हुआ है इसलिए पूरी दुनिया  के कल्याण के लिए भारतीय संस्कृति को आधार मानकर लोगों को जीवनयापन करना होगा, ऐसा पूरी दुनिया समझने लगी है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया से अगर ज्ञान मांगने लगे तो पूरी दुनिया के लोग ज्ञान देने के लिए तत्पर हो जाते हैं लेकिन ज्ञान देने का स्तर किसी किसी व्यक्ति का होता है। उन्होंने देवताओं राक्षसों में भी यही अंतर बताया। उन्होंने कहा राक्षस यानी रक्षा करने वाला परंतु जो केवल अपने हित के लिए, अपनी रक्षा के लिए, अपनी बात मानने वालों के लिए चलता है वह राक्षस कहलाता है और जो परोपकार के लिए सबके हित की सोच कर पूरे समाज के लिए समाज का रक्षण करता है वह देवता कहलाता है। हमारे देश के ऋषि-मुनियों ने घोर तपस्या कर ज्ञान की प्राप्ति की। उस ज्ञान को लेकर वे समाज के अंतिम व्यक्ति तक गए। परोपकार, मानवीय संवेदनाएं, परिवार जनों के प्रति करुणा, समाज के प्रति करुणा, यह सब हमारे ऋषि मुनियों के द्वारा दिया ज्ञान ही है । पाश्चात्य समाज के द्वारा दिया गया ज्ञान समाज के अंतिम व्यक्ति तक नहीं पहुंचा है। केवल विद्वत जनों में ही रह जाता है। समाज के कल्याण के लिए अभी अथक परिश्रम करने की जरूरत है। ज्ञान प्राप्त करके उसे समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हमारा लक्ष्य होना चाहिए। यही पुरुषार्थ है। उन्होंने कहा एकांत में साधना करो, दुकान में परोपकार करो यही भारतीय नीति है। हमारे तीर्थ, हमारे मंदिर, हमारे साधु-सन्यासियों द्वारा स्थापित किए गए हैं। ऐसे स्थान पर जाकर लोग महसूस करते हैं बताते हैं कि वहां के वाइब्रेशन बहुत अच्छे हैं। उसका यह कारण है कि उन स्थानों पर जो तपस्या चलती है उसके कारण वहां का वातावरण ऊर्जावान एवं शुद्ध हो जाता है। ऐसी ही तपस्या वीतराग स्वामी कल्याण देव जी महाराज ने यहां पर रहकर की है। लोगों को समझ लेना चाहिए कि जो लोग इस प्रकार के तीर्थाटन एवं धर्म कार्यों को आउटडेटेड मानते हैं उन्हें इस संस्कृति सभ्यता को अपडेटेड मानना ही पड़ेगा ऐसा समय आने वाला है। कार्यक्रम में शुक्रताल के अधिकांश आश्रमों के अध्यक्ष, साधु-संत एवं संघ के कार्यकर्ता कविश, सतीश, श्री राम आश्रम से विनोद शर्मा, जिला प्रचारक टीकम सिंह, प्रांत प्रचारक अनिल कुमार, क्षेत्र प्रचारक महेंद्र कुमार, धर्म जागरण विभाग के प्रचारक ईश्वर दयाल, विभाग प्रचारक भूपेंद्र कुमार, बृजेश कुमार, विभाग संघचालक प्रमोद कुमार, जिला कार्यवाह संजय लखान, सतीश कुमार, जिला संघचालक डॉ. तेजवीर, जिला प्रचार प्रमुख सीताराम सहित सैंकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।