प्रयागराज, उत्तर प्रदेश
गरीब परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने और
उन्हें सम्मानजनक जीवन का अवसर देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार ने
प्रयागराज में एक नई आवासीय योजना की शुरुआत की है। जी हां, कभी माफिया के अवैध
कब्जे के लिए चर्चित रही जमीन पर अब गरीब परिवारों के लिए घर बनाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कसारी-मसारी क्षेत्र में पद्म लोक आवास योजना के
तहत 602 आवासों के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया। इस परियोजना पर 191 करोड़ रुपये
से अधिक की लागत आएगी। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत
पीपलगांव में निर्मित 556 आवासों के लाभार्थियों को चाबियां भी सौंपी गईं।
सरकार की इस पहल का उद्देश्य
केवल गरीबों को मकान उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें बेहतर सुविधाओं से युक्त व्यवस्थित आवासीय
वातावरण देना भी है। योजना के तहत आगे चलकर बाजार, पार्क, खेलकूद
के स्थान और जिम जैसी सुविधाओं के साथ टाउनशिप विकसित करने की योजना है।
इसी कड़ी में मुख्यमंत्री योगी
आदित्यनाथ ने कहा कि कसारी-मसारी क्षेत्र में जिस जमीन पर कभी माफिया अतीक अहमद और
उसके गुर्गों का कब्जा था, वहां अब गरीब परिवारों के लिए
पक्के मकान बनाए जाएंगे। सरकार ने अवैध कब्जे से मुक्त कराई गई भूमि का उपयोग
जरूरतमंद परिवारों के हित में करने का निर्णय लिया है।
साथ ही सीएम योगी ने घोषणा की कि कसारी-मसारी क्षेत्र को अब ‘श्रीकृष्णपुरी’ के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां पहले चरण में 602 परिवारों और दूसरे चरण में 598 परिवारों को आवास उपलब्ध कराने की योजना है। इस तरह लगभग 1,200 परिवारों को पक्के मकान देने का लक्ष्य रखा गया है।
बता दें, सरकार की योजना के
मुताबिक, आवासीय परिसर में रहने वाले
परिवारों को बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी ध्यान दिया जाएगा। यहां बाजार, पार्क, जिम और खेलकूद के लिए स्थान विकसित किए जाएंगे। प्रयागराज
विकास प्राधिकरण इस क्षेत्र में आवश्यक सुविधाओं के विकास का काम करेगा।
सीएम ने कहा कि गरीबों को आवास देने का अर्थ केवल सिर पर छत उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उनके परिवारों को ऐसा वातावरण देना है, जहां बच्चे बेहतर सुविधाओं के बीच आगे बढ़ सकें और परिवार सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर सकें।
आगे सीएम ने बताया कि
प्रयागराज के लूकरगंज में माफिया से मुक्त कराई गई जमीन पर 86 गरीब परिवारों के
लिए बहुमंजिला इमारत बनाकर आवास उपलब्ध कराए जा चुके हैं। अब कसारी-मसारी में भी
इसी दिशा में काम आगे बढ़ाया जा रहा है। सरकार का कहना है कि अवैध कब्जे से मुक्त
कराई गई भूमि का प्रयोग जनहित और जरूरतमंद परिवारों के कल्याण के लिए किया
जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी
आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की
नीति पर काम कर रही है। उन्होंने पिछली सरकार पर माफिया के सामने झुकने का आरोप
लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और विकास कार्यों
को गति देने पर जोर दिया गया है।
सीएम ने कहा कि प्रयागराज जैसी धार्मिक और ऐतिहासिक नगरी में भयमुक्त वातावरण के साथ विकास की गतिविधियों को आगे बढ़ाना जरूरी है। उनके मुताबिक, कानून-व्यवस्था बेहतर होने से निवेश, रोजगार और विकास के नए अवसर पैदा होते हैं।
सीएम ने प्रयागराज में बेहतर
होती कनेक्टिविटी का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट और गंगा
एक्सप्रेसवे जैसी सुविधाओं से शहर की कनेक्टिविटी को मजबूती मिली है। बेहतर परिवहन
सुविधाओं से आवागमन आसान होने के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की
उम्मीद है।



