• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

माजुली - सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले जी ने श्रीश्री औनियाटी सत्र और श्रीश्री उत्तर कमलाबाड़ी सत्र के दर्शन किए

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले जी, अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर जी तथा विद्या भारती (उच्च शिक्षा) के संगठन मंत्री रघुनंदन जी 13 अक्तूबर 2026 को एक दिवसीय कार्यक्रम के तहत सत्र नगरी माजुली के भ्रमण पर आए।

प्रातः कमलाबाड़ी घाट पार कर माजुली पहुंचने के बाद जलपान करके वे सीधे श्रीश्री औनियाटी सत्र के दर्शन के लिए गए। औनियाटी सत्र के दर्शन के पश्चात उन्होंने सत्राधिकार प्रभु ईश्वर श्रीश्री पीतांबर देव गोस्वामी जी से भेंट की और उनके साथ विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया।

उन्होंने श्रीश्री उत्तर कमलाबाड़ी सत्र के दर्शन किए तथा सत्राधिकार प्रभु ईश्वर श्रीश्री जनार्दन देव गोस्वामी जी से भेंट कर उनके साथ भी विचारों का आदान-प्रदान किया।

दोनों सत्रों के दर्शन करने तथा दोनों सत्राधिकारों एवं भक्त-वैष्णवों के साथ संवाद करने के बाद उन्होंने कहा कि उन्हें माजुली की कला-संस्कृति, भौगोलिक परिवेश और जनसांख्यिकीय संरचना के संबंध में अनेक महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुईं।

वे मिशिंग जनजातीय क्षेत्र के बाहपरा नामघर में आयोजित अखंड भागवत पाठ कार्यक्रम में पहुंचे। वहां उन्होंने भागवत श्रवण किया, और श्रद्धापूर्वक प्रणाम किया। मिशिंग जनजातीय क्षेत्र में इस प्रकार के धार्मिक आयोजन के माध्यम से गुरुजनों की कला-संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखने के प्रयास के लिए उन्होंने सभी को प्रणाम किया।

दोपहर बाद ऑफलामुख घाट पार कर माजुली से विदा हुए।

अखिल भारतीय अधिकारियों के भ्रमण के दौरान उत्तर असम प्रांत के सह व्यवस्था प्रमुख कानुराम डेका जी सहित अन्य कार्यकर्ता उनके साथ उपस्थित रहे।