नीलू मिश्रा: ‘उड़ान’ अभी बाकी है
एथलीट नीलू मिश्रा की कहानी उन महिलाओं के लिए विशेष संदेश देती है जो विवाह, मातृत्व, स्वास्थ्य या उम्र के बाद अपने सपनों को पीछे छोड़ देती हैं। नीलू ने साबित किया कि जीवन में वापसी के लिए उम्र या परिस्थितियाँ अंतिम निर्णय नहीं होतीं बल्कि निर्णय हमारा संकल्प करता है। आज भी उनका सफर जारी है। 102 से अधिक पदकों के बाद भी उनके कदम रुके नहीं हैं, क्योंकि उनके लिए असली जीत केवल पदक जीतना नहीं, बल्कि हर उस महिला को यह विश्वास दिलाना है कि- ”सपनों की कोई उम्र नहीं होती। यदि संकल्प जीवित है, तो जीवन में नई शुरुआत हमेशा संभव है।“
कुछ कहानियाँ जीत की नहीं, जिजीविषा की कहानी होती हैं। कुछ पदक केवल खेल प्रतियोगिता में हासिल नहीं होते, वे उन संघर्षों पर जीत के प्रतीक होते हैं जिन्हें दुनिया शायद देख भी नहीं पाती। उत्तर प्रदेश की अंतरराष्ट्रीय मास्टर एथलीट श्रीमती नीलू मिश्रा की कहानी ऐसी ही प्रेरक यात्रा है जहाँ बीमारी, बढ़ता वजन, पारिवारिक जिम्मेदारियाँ और वर्षों तक खेल से दूर रहना भी उनके संकल्प को रोक नहीं सका।
नीलू मिश्रा ने विवाह और मातृत्व के बाद लगभग 14 वर्षों के अंतराल के पश्चात खेल के मैदान में वापसी की। उस समय परिस्थितियाँ उनके पक्ष में नहीं थीं। किडनी की गंभीर समस्या, मोटापे से संघर्ष और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच उन्हें सक्रिय खेलों में लौटने को लेकर निराश किया गया। यहाँ तक कि उनके सामने अपने स्वास्थ्य को लेकर भी बड़े प्रश्न खड़े किए गए। लेकिन नीलू ने परिस्थितियों को अपनी सीमा मानने से इनकार कर दिया। उन्होंने स्वयं को फिर से तैयार किया और खेल के मैदान में ऐसी वापसी की जिसने संदेह को विश्वास में और असंभव को उपलब्धि में बदल दिया।
आज नीलू मिश्रा के नाम 102 से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पदक दर्ज हैं। इनमें देश के लिए जीते गए स्वर्ण पदक उनके लिए विशेष गौरव का विषय हैं। उनका कहना है कि देश के लिए स्वर्ण जीतना ही उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा और जुनून है। उनकी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों में 2009 में फिनलैंड के लाहती में आयोजित वर्ल्ड मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में विश्व पदक हासिल करना उल्लेखनीय है। वे कई बार अंतरराष्ट्रीय एशियन चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। महिला टीम की कप्तान के रूप में भी देश का नेतृत्व किया है। उनकी उपलब्धियों को विभिन्न सम्मानों ने भी पहचान दी है। उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार का रानी लक्ष्मीबाई वीरता पुरस्कार, मलाला पुरस्कार तथा Marvelous Personality of India Award तक जैसे सम्मान प्राप्त हुए हैं। वे Beauty Queen Champion—Asia & India का खिताब भी हासिल कर चुकी हैं।
नीलू मिश्रा के लिए खेल केवल व्यक्तिगत उपलब्धि का माध्यम नहीं, बल्कि समाज से जुड़ने और विशेषकर महिलाओं को प्रेरित करने का माध्यम भी है। वे सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं और विभिन्न खेल संगठनों में अध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारियाँ निभा रही हैं। महिला एवं बाल कल्याण से जुड़े कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। वे बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान से जुड़ी हैं और महिलाओं एवं बालिकाओं के अधिकार तथा विकास से जुड़े संदेश को आगे बढ़ाती हैं। उन्होंने निर्वाचन आयोग के स्वीप (SVEEP) अभियान, वाराणसी में ब्रांड एंबेसडर के रूप में भी भूमिका निभाई। इसके अतिरिक्त नगर निगम वाराणसी और जिला पंचायत विभाग के स्वच्छता अभियान से जुड़कर स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता फैलाने में योगदान दिया।




