न्याय दिलाने वाली नायिका
चंदौली निवासी अधिवकता सारिका दुबे का मानना है कि आज का युवा प्रतिभाशाली है। उसके पास ज्ञान, तकनीक तथा अवसरों की कोई कमी नहीं है। आधुनिकता की दौड़ में मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी पीछे छूटती जा रही है। युवाओं से उनकी अपील है कि ”सफल जरूर बनिए, लेकिन सफल होने के साथ सार्थक भी बनिए। अपने लिए जीना जरूरी है, लेकिन दूसरों के लिए जीना ही जीवन को वास्तविक अर्थ देता है।“ सारिका दुबे इस बात का उदाहरण हैं कि बदलाव के लिए हमेशा बड़े संसाधनों की जरूरत नहीं होती। उसके लिए एक संवेदनशील दृष्टि पर्याप्त है।
कानून की पढ़ाई ने सारिका दुबे को अधिकारों की समझ दी, लेकिन उनके संवेदनशील मन ने उन्हें उन लोगों तक पहुंचने का रास्ता दिखाया, जिन्हें न्याय, सहारे और सम्मान की सबसे अधिक जरूरत थी। चंदौली जिले के नियामताबाद विकासखंड के धूसखास गांव से निकलकर समाज सेवा और महिला अधिकारों के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने वाली सारिका दुबे की कहानी संघर्ष, संवेदना और दृढ़ इच्छाशक्ति की कहानी है।
सारिका का प्रारंभिक जीवन एक गांव के संयुक्त परिवार में बीता। उस समय गांव में शिक्षा के पर्याप्त साधन उपलब्ध नहीं थे और एक लड़की के लिए आगे बढ़कर पढ़ाई करना आसान नहीं था। परिवार की जिम्मेदारियां, सामाजिक सोच और सीमित अवसर उनके सामने लगातार चुनौतियां खड़ी करते रहे। उन्होंने परिस्थितियों को अपनी राह की बाधा नहीं बनने दिया। संघर्ष और मेहनत के बल पर अपनी शिक्षा पूरी की और आगे बढ़ने का संकल्प बनाए रखा।
गांव के उस दौर को याद करते हुए सारिका मानती हैं कि एक लड़की का अपने पैरों पर खड़ा होकर बाहर निकलना अपने आप में बड़ी चुनौती था। उनके दादाजी काफी सख्त थे। अकेले बाहर जाना, देर तक घर से बाहर रहना और सामाजिक कार्यों के लिए समय देना सहज नहीं था। इसके लिए समाज के ताने भी सुनने को मिले। लेकिन सारिका ने इनको रुकावट नहीं बनने दिया।
समाज सेवा की प्रेरणा उन्हें अपने माता-पिता से मिली। बचपन से उन्होंने अपने माता-पिता को जरूरतमंद लोगों की मदद करते देखा। किसी के काम आना और किसी के जीवन में थोड़ी-सी भी सकारात्मकता लाना उन्हें हमेशा भीतर से संतोष देता रहा।
पेशे से अधिवक्ता सारिका ने अपने पेशे को केवल आजीविका का माध्यम नहीं बनने दिया। उनका मानना है कि कानून की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब वह किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में न्याय और सम्मान लेकर आए। उन्होंने विशेष रूप से उन महिलाओं का हाथ थामा, जो आर्थिक या सामाजिक परिस्थितियों के कारण अपने अधिकारों के लिए आवाज नहीं उठा पातीं। अब तक 160 से अधिक पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने में वह महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुकी हैं। आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को वह निश्शुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराती हैं।
वर्ष 2021 में उन्होंने ‘खुशी की उड़ान’ संस्था की शुरुआत की। इसका उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को साथ जोड़कर सेवा के ऐसे प्रयास करना था, जिनका वास्तविक लाभ जरूरतमंदों तक पहुंच सके। संस्था के माध्यम से पूर्वांचल के कई जिलों में रक्तदान, स्वास्थ्य जागरूकता, महिला सशक्तीकरण, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, दिव्यांगजन सहायता और जरूरतमंद परिवारों की मदद जैसे कार्य किए जा रहे हैं।
रक्तदान के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए इंग्लैंड में उन्हें ‘वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस’ सम्मान से नवाजा गया। उनकी संस्था को नेशनल सोशल इम्पैक्ट अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया।
सारिका के सेवा कार्यों का एक महत्वपूर्ण पक्ष युवाओं को समाजसेवा से जोड़ना है। वर्तमान में विभिन्न विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के लगभग 250 विद्यार्थी उनकी संस्था से जुड़कर इंटर्नशिप कर रहे हैं। सामाजिक कार्य, कानूनी जागरूकता, कौशल विकास, नेतृत्व क्षमता और सामुदायिक विकास के व्यावहारिक अनुभव के साथ विद्यार्थियों को वृद्धाश्रम और कुष्ठ आश्रम जैसे स्थानों का भ्रमण भी कराया जाता है।
सारिका मानती हैं कि संवेदना समझाई नहीं जा सकती। जब युवा समाज के उस वर्ग के बीच पहुंचते हैं, जो अकेलेपन या अभाव से जूझ रहा है, तभी उनके भीतर सेवा और करुणा की भावना अपने आप आती है।




