मेरठ, उत्तर प्रदेश
मेरठ में एक पोस्ट ऑफिस को खास तरीके से तैयार किया गया है, जो अब लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है। जी हां, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के परिसर में स्थित पोस्ट ऑफिस को नया और आकर्षक रूप दिया गया है। यहां मेरठ की विरासत और इतिहास को सुंदर पेंटिंग्स के माध्यम से दिखाया गया है। पोस्ट ऑफिस में आए 65 वर्षीय संजीव कुमार तोमर ने इस बदलाव की तारीफ करते हुए कहा कि यह एक बहुत अच्छा प्रयास है। उन्होंने बताया कि अब यह पोस्ट ऑफिस आधुनिक सुविधाओं के साथ बैंकिंग सेवाओं को भी टक्कर देता नजर आ रहा है।
वहीं एडवोकेट गगन सोम ने कहा कि आज के युवा बेहतर माहौल वाली जगहों पर जाना पसंद करते हैं। ऐसे में पोस्ट ऑफिस में बनाए गए सेल्फी प्वाइंट, कॉफी की सुविधा, पानी की व्यवस्था और स्टाफ का अच्छा व्यवहार लोगों को आकर्षित कर रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि पेंटिंग्स के माध्यम से पुराने समय और आज के दौर को दिखाया गया है, जिससे लोग आसानी से मेरठ के इतिहास को समझ सकते हैं। इससे युवाओं में शहर को जानने और घूमने की इच्छा भी बढ़ेगी, जो पर्यटन के लिए भी फायदेमंद सिद्ध होगा।
लोगों
का मानना है कि इस तरह के बदलाव से डाक सेवाओं के प्रति लोगों का भरोसा और रुचि
फिर से बढ़ेगी। खास बात यह है कि मेरठ में अभी इस तरह का मॉडल पोस्ट ऑफिस सिर्फ
इसी विश्वविद्यालय परिसर में बनाया गया है, जिसे देखने के लिए लोगों में उत्साह भी
बढ़ रहा है।



