• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

श्रीकृष्ण जन्मस्थान से काशी विश्वनाथ धाम के लिए प्रसाद यात्रा रवाना

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

मथुरा, उत्तर प्रदेश

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्रीकृष्ण जन्मस्थान से काशी विश्वनाथ धाम के लिए प्रसाद यात्रा निकाली गई। जी हां, श्रीकृष्ण जन्मस्थान से काशी विश्वनाथ धाम, वाराणसी के लिए भव्य शोभायात्रा के साथ प्रसाद यात्रा रवाना की गई। इस यात्रा में लड्डू, फल, मेवे, भगवान शिव और मां गौरी के वस्त्र, मां का श्रृंगार, आभूषण सहित अन्य प्रसाद सामग्री शामिल की गई, जिन्हें महाशिवरात्रि पर भगवान विश्वनाथ को अर्पित किया जाएगा।

ढोल, मृदंग, मजीरे और बैंडबाजे की मंगल ध्वनि के बीच शोभायात्रा अन्नपूर्णेश्वर महादेव से शुरू हुई। यात्रा भगवान श्रीकेशवदेव जी, मां योगमाया जी और श्री गर्भगृह जी के दर्शन करती हुई श्रीकृष्ण जन्मस्थान के मुख्य द्वार तक पहुंची। रास्ते में श्रद्धालुओं ने जयघोष किया और पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। इसके बाद प्रसाद यात्रा काशी विश्वनाथ धाम के लिए रवाना हुई। 

श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि काशी विश्वनाथ धाम के लिए सवा प्रसाद भेजा गया है, जिससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। संस्थान की प्रबंध समिति के सदस्य गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी ने कहा कि ब्रज भूमि पवित्र है और यहां से शिवरात्रि के लिए भेजा गया प्रसाद भक्तों के लिए आनंद का कारण बनेगा। प्रबंध समिति के सदस्य डॉ. रोशन लाल ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण, श्रीराम और भगवान शिव सनातन धर्म की आत्मा हैं। तीर्थों और सनातनियों की एकता से ही देश अपने गौरव को आगे बढ़ा सकता है।