• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

बरेली में प्लास्टिक से तैयार होंगी सड़के

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

बरेली, उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश के बरेली में एक नई और सराहनीय पहल की शुरुआत होने जा रही है। जी हां, नगर निगम ने निर्णय लिया है कि शहर की 23 सड़कों के निर्माण में प्लास्टिक वेस्ट का प्रयोग किया जाएगा। इसी कड़ी में नगर निगम के पर्यावरण अभियंता राजीव राठी ने बताया कि यह काम इंडियन रोड कांग्रेस की गाइडलाइन के अनुसार किया जाएगा। इन दिशा-निर्देशों में बताया गया है कि एचडीपीई और अन्य प्रकार के प्लास्टिक कचरे को पहले साफ कर छोटे-छोटे टुकड़ों में काटा जाता है। फिर इन्हें बिटुमिन के साथ मिलाकर सड़क बनाई जाती है। इससे सड़क की जलरोधक क्षमता बढ़ती है और वह ज्यादा मजबूत बनती है।

इस तकनीक से बनी सड़कें सामान्य सड़कों की तुलना में अधिक टिकाऊ होंगी। खासकर बरसात के मौसम में पानी का असर कम पड़ेगा, जिससे सड़कों पर गड्ढे बनने की समस्या घटेगी। अनुमान है कि ऐसी सड़कें पांच से सात साल तक अच्छी स्थिति में बनी रह सकती हैं। नगर निगम का मानना है कि इस योजना से दो बड़ी समस्याओं का समाधान एक साथ होगा। पहला, शहर में बढ़ रहे प्लास्टिक कचरे का सही निस्तारण होगा। दूसरा, सड़कों की खराब गुणवत्ता में सुधार आएगा। साथ ही विशेषज्ञों का कहना है कि यदि यह प्रयोग सफल रहता है तो आगे चलकर अन्य सड़कों पर भी इसी तकनीक का उपयोग किया जा सकता है।

बरेली की यह पहल स्वच्छता अभियान को मजबूती देगी और पर्यावरण के अनुकूल विकास का एक नया उदाहरण प्रस्तुत करेगी। यह योजना राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के उद्देश्यों के अनुरूप भी है, क्योंकि इससे प्लास्टिक कचरे को कम करने और प्रदूषण घटाने में मदद मिलेगी।