राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड का नया कीर्तिमान, पहली बार जीते पांच स्वर्ण पदक
- ताइक्वांडो में पूजा यादव के स्वर्ण पदक जीतते ही राज्य के स्वर्ण पदकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई, जो अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है
- मुक्केबाजों ने फाइनल में बनाई जगह उत्तराखंड के खिलाड़ी बॉक्सिंग, एथलेटिक्स और फुटबॉल में भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं
देहरादून – उत्तराखंड ने राष्ट्रीय खेलों के इतिहास में पहली बार पांच स्वर्ण पदक जीतकर नया रिकॉर्ड बनाया है। गुरुवार को ताइक्वांडो में पूजा यादव के स्वर्ण पदक जीतते ही राज्य के स्वर्ण पदकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई, जो अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
अभी और पदकों की उम्मीद, मुक्केबाजों ने फाइनल में बनाई जगह
उत्तराखंड के खिलाड़ी बॉक्सिंग, एथलेटिक्स और फुटबॉल में भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। राज्य के पांच मुक्केबाज – निवेदिता, काजल, हिमांशु सोलंकी, कपिल पोखरिया और नरेंद्र सिंह ने अपने-अपने वर्ग में फाइनल में जगह बना ली है और आज स्वर्ण पदक के लिए मुकाबला करेंगे।
ताइक्वांडो में भी उत्तराखंड के चार पदक पक्के हो चुके हैं, जबकि फुटबॉल टीम फाइनल में पहुंचकर इतिहास रच चुकी है। राज्य की टीम आज गोल्ड मेडल के लिए मैदान में उतरेगी।
अब तक उत्तराखंड को मिले स्वर्ण पदक
उत्तराखंड ने इस बार वुशु, लॉन बॉल, योगासन, कैनोइंग और कयाकिंग और ताइक्वांडो में स्वर्ण पदक जीते हैं।
उत्तराखंड का पिछले राष्ट्रीय खेलों में प्रदर्शन-
| आयोजन | राष्ट्रीय खेल | रैंक | स्वर्ण | रजत | कांस्य | कुल पदक |
|--------|--------------|------|--------|------|--------|-----------|
| गोवा | 37वें | 25वीं | 3 | 7 | 14 | 24 |
| गुजरात | 36वें | 26वीं | 1 | 8 | 9 | 18 |
| केरल | 35वें | 23वीं | 2 | 5 | 12 | 19 |
| झारखंड | 34वें | 19वीं | 4 | 4 | 5 | 13 |
| गुवाहाटी | 33वें | 18वीं | 4 | 4 | 5 | 13 |
उत्तराखंड का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन-
इससे पहले उत्तराखंड ने 34वें और 33वें राष्ट्रीय खेलों में 4 स्वर्ण पदक जीते थे, लेकिन इस बार राज्य ने पहली बार 5 स्वर्ण पदक जीतकर नया इतिहास रचा है।
स्वर्ण पदकों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद-
उत्तराखंड को अभी भी बॉक्सिंग, ताइक्वांडो, एथलेटिक्स और फुटबॉल में स्वर्ण पदकों की उम्मीद है। अगर खिलाड़ी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हैं, तो उत्तराखंड अपनी पदक तालिका में और इजाफा कर सकता है।
राष्ट्रीय खेलों में ऐतिहासिक प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रदेशवासियों की ओर से शुभकामनाएं दी जा रही हैं।