सीयूईटी-यूजी में धार्मिक वस्त्र और कलावा पहनने की अनुमति, एनटीए ने जारी की नई एडवाइजरी
एनटीए NATIONAL TESTING AGENCY ने ड्रेस कोड और परीक्षा केंद्र पर ले जाने वाले सामान को लेकर जारी की एडवाइजरी
आपको जानकारी होगी कि अभी कुछ दिन पहले अलग-अलग राज्यों के परीक्षा केंद्रों पर देखा गया था कि कलावा और तुलसी की माला पहनकर छात्रों को अंदर नहीं जाने दिया जा रहा था, वहीं दूसरी ओर मुस्लिम लड़कियों को बुर्का पहनकर परीक्षा देने की अनुमति दी गई थी। सोशल मीडिया पर इस भेदभाव का विरोध भी हुआ था।
कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी-यूजी) के शुरू होने से पहले नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने परीक्षार्थियों के लिए ड्रेस कोड और परीक्षा केंद्र पर ले जाने वाले सामान को लेकर विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। एजेंसी के अनुसार, परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा जांच को तेज और सुचारू बनाने के लिए परीक्षार्थियों को तय दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा।
धार्मिक प्रतीकों और धागों को लेकर भी एनटीए ने निर्देश जारी किए हैं। धार्मिक आस्था से जुड़े वस्त्र या कलावा पहनने की अनुमति होगी, लेकिन ऐसे परीक्षार्थियों को अतिरिक्त जांच प्रक्रिया के लिए समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा।
एनटीए के अनुसार, सीयूईटी-यूजी की परीक्षा 11 मई से 31 मई तक कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) मोड में आयोजित की जाएगी। परीक्षा देशभर के साथ विदेश के 15 शहरों में भी होगी। गर्मी को देखते हुए परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र के अंदर पारदर्शी पानी की बोतल ले जाने की अनुमति रहेगी। बोतल पर किसी प्रकार का लेबल या कवर नहीं होना चाहिए।
परीक्षार्थी सफेद या हल्के रंग के कपड़े पहनकर आएंगे, ताकि जांच प्रक्रिया में कम समय लगे। भारी जैकेट, मोटे कपड़े और ऊंची हील वाले फुटवियर से बचने की हिदायत दी गई है। परीक्षार्थी सामान्य जूते, चप्पल या लो-हील फुटवियर ही पहनकर आएं। परीक्षा से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए एनटीए की हेल्पलाइन 011-40759000 और ई-मेल माध्यम से संपर्क किया जा सकता है।



