फिरोजाबाद में महिलाओं के सपनों को मिलेगी उड़ान, खुलेंगी प्रेरणा कैंटीन
फिरोजाबाद, उत्तर प्रदेश
यूपी के फिरोजाबाद में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल की जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को अब अपने पैरों पर खड़ा होने का मौका मिल रहा है। इसके लिए महिलाओं को समूहों से जोड़कर कुकिंग और फूड मैनेजमेंट की ट्रेनिंग दी जा रही है, ताकि वे स्वयं का रोजगार शुरू कर सकें और अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत बना सकें।
जानकारी देते हुए फिरोजाबाद के स्वरोजगार उपायुक्त महेंद्र प्रताप यादव ने बताया कि महिलाओं को समय-समय पर अलग-अलग प्रकार की ट्रेनिंग दी जाती है, जिससे वे नए काम सीख सकें। इसी क्रम में इस बार जिले में “प्रेरणा कैंटीन” शुरू करने की योजना बनाई गई है। इसके लिए ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत आरसेटी केंद्र उसायनी में 20 महिलाओं को फूड आइटम बनाने की ट्रेनिंग दी जा रही है। यह प्रशिक्षण 24 मई तक चलेगा, जिसके बाद अन्य महिलाओं को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
ट्रेनिंग पूरी होने के बाद जिले में अलग-अलग स्थानों पर प्रेरणा कैंटीन खोली जाएंगी। इन कैंटीनों का संचालन महिलाओं के समूह द्वारा किया जाएगा। विभाग की ओर से कैंटीन खोलने में पूरी सहायता दी जाएगी। फिरोजाबाद जिले में फिलहाल 6 प्रेरणा कैंटीन खोलने का लक्ष्य रखा गया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक स्थिति को बेहतर करना है। इससे महिलाएं न केवल खुद कमाई करेंगी, बल्कि अपने परिवार और समाज के लिए भी प्रेरणा बनेंगी।



