• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

रामायण फिल्म में मनगढ़ंत कथानक से राम भक्तों को आहत करने पर VHP ने आक्रोश किया व्यक्त

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

 नई दिल्ली

सेंसर प्रमाण पत्र निरस्त कर फिल्म के प्रदर्शन पर तत्काल रोक लगाई जाए - विश्व हिन्दू परिषद

रामायण फिल्म में आदि कवि महर्षि वाल्मीकि द्वारा वर्णित जीवंत कथा में अनेक तथ्यों को विकृत करने, मनगढ़ंत घटनाएं सम्मिलित करने और अनेक महत्वपूर्ण चरित्रों को नहीं दर्शाने के षड्यंत्र के विरुद्ध विश्व हिन्दू परिषद ने आक्रोश व्यक्त किया है।

विश्व हिन्दू परिषद के केंद्रीय महामंत्री बजरंग बागड़ा ने कहा कि फिल्म में एक अरब से अधिक हिन्दू राम भक्तों की श्रद्धा से खिलवाड़ करते हुए एक राजनीतिक विमर्श स्थापित करने के प्रयास किया गया है।

उन्होंने कहा कि एक ओर प्रभु श्री राम और उनके परिवार के चरित्रों को हल्केपन से दिखाया गया है तो वहीं, इसके विपरीत राक्षसराज रावण का महिमा मंडन करने का भी कुत्सित प्रयास किया गया है। अहिल्या उद्धार, निषादराज गुह की मित्रता और केवट की भक्ति जैसे प्रसंग भगवान राम के सार्वभौमिक चरित्र के अभिन्न अंग हैं, जिनका फिल्म में कोई उल्लेख तक नहीं है। उल्टे, प्रभु राम के ऋषि मुनियों की साधना, यज्ञ, गुरुकुल आदि में बाधक समाजद्रोही राक्षसों के उन्मूलन के महती अभियान को अपनी पत्नी के अपहरण के प्रतिशोध जैसा व्यक्तिगत संघर्ष का रूप देने का घृणित प्रयास किया गया है। दूसरी ओर, अहंकारी रावण का शोषितों के उद्धारक के रूप में महिमा मंडन करने जैसे राजनीतिक विमर्श गढ़ने का कुप्रयास भी किया गया है।

बजरंग बागड़ा ने कहा कि ज्ञान, भक्ति और शक्ति की पराकाष्ठा को छूने के बाद भी अहंकार वश सृष्टि के हर प्राणी को आतंकित और उत्पीड़ित करने वाला रावण दुराचारी था, यह प्रत्येक रामकथा में निर्विवाद रूप से वर्णित है। युगों युगों से स्थापित राम कथा और प्रभु राम में करोड़ों हिन्दुओं की श्रद्धा है, जिसे राजनीति से प्रेरित फिल्म ने गहरी ठेस पहुंचाई है और हिन्दू जनमानस की भावनाओं को आहत किया है।

विहिप महामंत्री ने कहा कि व्यक्तिगत, पारिवारिक, सामाजिक और राजनीतिक मर्यादाएं स्थापित करने वाली राम कथा से ऐसी छेड़छाड़ समाज में स्थापित नैतिक मूल्यों की नींव पर प्रहार करती है। हिन्दू समाज की भावनाओं से खिलवाड़ करने के ऐसे प्रयासों को समाज कभी स्वीकार नहीं करेगा। विश्व हिन्दू परिषद यह मांग करती है कि फिल्म को प्रदत्त सेंसर प्रमाण पत्र को निरस्त कर इसके प्रदर्शन पर तत्काल रोक लगाई जाए।