• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

युवा स्वयंसेवकों का गुणवत्ता-युक्त पथ संचलन संपन्न

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

जबलपुर

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, महाकौशल प्रांत के महाविद्यालयीन विद्यार्थियों का शिविर जबलपुर के श्रीराम इंजीनियरिंग कॉलेज में 22 अक्तूबर की सायं से प्रारंभ हुआ। शिविर का औपचारिक उद्घाटन 23 अक्तूबर को हुआ। शिविर के तीसरे दिन जबलपुर में स्वयंसेवकों का पथ संचलन संपन्न हुआ। शिविर में महाकौशल प्रांत के 34 जिलों से 16 से 32 वर्ष आयु वर्ग के 3,185 स्वयंसेवकों ने सहभागिता की। इनके साथ लगभग 500 प्रबंधक भी शिविर में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। पथ संचलन सायं 3:30 बजे श्रीराम इंजीनियरिंग कॉलेज से प्रारंभ होकर केशरवानी कॉलेज तक पहुँचा। स्वयंसेवकों ने कदम से कदम मिलाकर अनुशासन, एकरूपता, शारीरिक दक्षता और संगठनात्मक एकजुटता का परिचय दिया। समान गति और अनुशासन के साथ हुआ यह सामूहिक संचलन संगठन शक्ति का प्रभावी प्रदर्शन रहा।

20 मंचों से विशिष्टजनों और नागरिकों ने किया अवलोकन

पथ संचलन के अवलोकन के लिए जबलपुर महानगर की जाति-बिरादरी, विविध भाषा-भाषी, कृषक सहित 20 श्रेणियों से समाज के प्रभावी, विशिष्ट एवं गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया गया था। संचलन मार्ग पर 20 मंच बनाए गए, जहाँ आमंत्रित अतिथियों और समाज के विभिन्न क्षेत्रों का नेतृत्व करने वाले विशिष्टजनों ने संचलन देखा। संचलन देखने के लिए बड़ी संख्या में नागरिक भी उपस्थित रहे।


सरसंघचालक जी शिविर में युवाओं का करेंगे मार्गदर्शन

सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी 25 अक्तूबर को शिविर में सम्मिलित होकर दो सत्रों में युवा स्वयंसेवकों को मार्गदर्शन देंगे। शिविर का समापन 25 अक्तूबर को सायंकाल होगा।

महाकौशल प्रांत के विभिन्न जिलों से आए युवा स्वयंसेवकों का यह एकत्रीकरण अनुशासन, संगठनात्मक क्षमता, शारीरिक दक्षता और राष्ट्रसेवा के संकल्प को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण आयोजन है। जबलपुर में संपन्न यह पथ संचलन स्वयंसेवकों के सामूहिक प्रयास, समर्पण और एकात्मता का प्रभावी परिचय प्रस्तुत करता है।