मातृहस्तेन भोजनम् - मातृशक्ति के स्नेह से सराबोर हुआ संघ शिक्षा वर्ग
187 परिवारों की सहभागिता, शिक्षार्थियों को परोसा आत्मीयता से भोजन
शाजापुर, मध्य प्रदेश
संस्कार, समरसता और अपनत्व का उत्सव बना “मातृहस्तेन भोजनम्”
25 मई 2026 को राष्ट्र सेविका समिति चितौड़ प्रांत के प्रवेश वर्ग में “मातृहस्तेन भोजनम्” कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें परिवार अपना स्वयं एवं 2-3 सेविकाओं का भोजन लेकर वर्ग स्थल पर पधारे तथा सेविकाओं के साथ आत्मीयता से भोजन किया।
आयोजन के पीछे यह भाव है कि समाज के बंधु-भगिनी राष्ट्र सेविका समिति के कार्यों से परिचित हों। इस अवसर पर कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, स्व-संस्कृति बोध, माता का स्नेह, पिता-भाई का दुलार एवं अपार अपनत्व का सुंदर प्रवाह देखने को मिला।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संघ शिक्षा वर्ग (व्यवसायी) में रविवार को दुपाड़ा रोड स्थित सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में मातृहस्ते भोजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर के 187 परिवारों की मातृशक्ति ने सहभागिता की तथा घर में स्नेह से तैयार भोजन शिक्षार्थियों के साथ बैठकर ग्रहण किया।
मातृशक्ति ने संघ शिक्षा वर्ग के शिक्षार्थियों को स्नेहपूर्वक भोजन परोसा, जिससे पूरा परिसर पारिवारिक समरसता और आत्मीयता के भाव से भर उठा। कार्यक्रम के समापन पर संघ शिक्षा वर्ग के शिक्षार्थियों ने उपस्थित परिवारों को पर्यावरण संरक्षण के संदेश स्वरूप फलदार पौधे भेंट किए।



