• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

श्री राम जन्मभूमि मंदिर ध्वजारोहण समारोह प्रथम दिवस पूजन

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

अयोध्या 

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र में होने वाले ऐतिहासिक ध्वजारोहण कार्यक्रम के लिए विधिविधान से पूजन अर्चन शुरू हुआ। इस अवसर पर पूर्ण वैदिक रीति से विभिन्न पूज्य देवताओं का आवाहन किया गया।

गुरुवार को हुई श्रद्धाभक्ति से परिपूर्ण सफल कलश यात्रा के बाद शुक्रवार सुबह से क्रमशः वैदिक मर्मज्ञ आचार्यों द्वारा गणपति पूजन, पंचांग पूजन, षोडष मातृका पूजन के बाद मंडप प्रवेश पूजन कराया गया। इसके बाद योगिनी पूजन, क्षेत्रपाल पूजन, वास्तु पूजन, नवग्रह पूजन, और प्रधान मंडल के रूप में रामभक्त मंडल व अन्य समस्त पूज्य मंडलों का आवाहन पूजन हुआ।

तदोपरान्त अरणि मंथन से अग्निकुण्ड में मंत्रोच्चार के साथ अग्नि स्थापना की गई। यजमान डॉ. अनिल मिश्र ने अर्द्धांगिनी सहित पूजन किया। इस अवसर पर मुख्य आचार्य चंद्रभान शर्मा, उप-आचार्य रविंद्र पैठणे, यज्ञ के ब्रह्मा व आचार्य पंकज शर्मा ने पूजन संपन्न कराया। पूजन व्यवस्था प्रमुख आचार्य इंद्रदेव मिश्र व आचार्य पंकज कौशिक की देखरेख में संपन्न हुई।

अतिथियों के लिए सात स्थानों पर संचालति होंगे भोजनालय

श्री राम जन्मभूमि मन्दिर ध्वजारोहण समारोह में आने वाले अतिथियों के लिए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की ओर से अलग-अलग सात स्थानों पर आठ भोजनालय स्थापित किए गए हैं। आमंत्रित अतिथियों को भोजनालयों में जलपान के लिए पहुंचाया जाएगा। संपूर्ण परीक्षण के बाद ही यहां से आगे गोल्फ कोर्ट से कार्यक्रम में भेजा जाएगा। इसके लिए पानी की व्यवस्था की जा रही है।

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र द्वारा संचालित सीता रसोई के संचालक और विश्व हिन्दू परिषद के केंद्रीय मंत्री राजेंद्र सिहं “पंकज” के अनुसार सीता रसोई के अतिरिक्त देश के विभिन्न क्षेत्र में अन्न क्षेत्र चलाने वाले भक्त संगठन भी भोजनालयों में सहयोग कर रहे हैं।

चयनित स्थानों में कारसेवकपुरम में सीता रसोई के साथ पंजाब अमृतसर के दुर्ग्याना मंदिर की ओर से भोजन सेवा होगी। इसकी क्षमता 2 से 2.5 हजार आगंतुकों की है। इसके अतिरिक्त रामसेवकपुरम में सीता रसोई द्वारा 800 से एक हजार क्षमता वाले, कार्यशाला में जम्मू कश्मीर कटरा स्थित हनुमान मंदिर की ओर से भोजनालय संचालित होगा। यहां आने वाले सभी भक्तों को प्रसाद मिलेगा, संख्या का निर्धारण नहीं है। कनक महल में एक हजार की क्षमता का भोजनालय संचालित होगा। तीर्थक्षेत्रपुरम् में दो भोजनालयों का संचालन होगा। यहां की क्षमता भी लगभग ढाई हजार है। तीर्थक्षेत्र भवन में 800 से एक हजार क्षमता का भोजनालय संचालित होगा। इसके अतिरिक्त अंगद टीला में हरियाणा कैथल के भक्तों व सीता रसोई द्वारा यहां पहुंचने वाले समस्त श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण होगा।