अयोध्या
श्री राम जन्मभूमि मंदिर के ध्वजारोहण समारोह को लेकर तीसरे दिन भी विधि विधान से पूजन अर्चन हुआ। पूर्ण वैदिक रीति से विभिन्न पूज्य देवताओं का आवाहन व पूजन किया गया।
रविवार सुबह से क्रमशः वैदिक मर्मज्ञ आचार्यों द्वारा क्रमशः गणपति पूजन, पंचांग पूजन और षोडष मातृका पूजन कराया गया। इसके बाद योगिनी पूजन, क्षेत्रपाल पूजन, वास्तु पूजन, नवग्रह पूजन, और प्रधान मंडल के रूप में रामभद्र मंडल व अन्य समस्त पूज्य मंडलों का आवाहन पूजन हुआ।
रविवार को विष्णु सहस्रनाम एवं गणेश अथर्वशीर्ष की आहुतियां पूर्ण की गईं। यजमान डॉ. अनिल मिश्र और अन्य ने सपत्नीक पूजन किया। इस अवसर पर मुख्य आचार्य चंद्रभान शर्मा, उपाचार्य रविंद्र पैठणे, यज्ञ के ब्रह्मा व आचार्य पंकज शर्मा ने पूजन संपन्न कराया। पूजन व्यवस्था प्रमुख आचार्य इंद्रदेव मिश्र व आचार्य पंकज कौशिक की देखरेख में सभी आयोजन शुभ कार्य संपन्न हुए।



