• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

उत्तराखण्ड की कविता चंद ने रचा इतिहास, माउंट विंसन पर चढ़कर फहराया तिरंगा

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

अल्मोड़ा, उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा की रहने वाली एंड्योरेंस एथलीट कविता चंद ने अंटार्कटिका की सबसे ऊंची चोटी माउंट विंसन पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर ली है। इस उपलब्धि से उत्तराखण्ड ही नहीं, पूरे देश में खुशी और गर्व का माहौल है। जी हां, कविता चंद की यह सफलता उनके बड़े सपने ‘सेवन समिट्स’ मिशन का अहम हिस्सा है। इस मिशन के तहत दुनिया के सातों महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों पर चढ़ाई की जाती है। इससे पहले वह यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रस पर भी चढ़ाई कर चुकी हैं। बता दें माउंट विंसन दुनिया की सबसे कठिन चोटियों में गिनी जाती है। यहां बेहद ठंड, तेज हवाएं, लंबा एकांत और अचानक बदलने वाला मौसम पर्वतारोहियों के लिए बड़ी चुनौती होता है। इसके बावजूद कविता ने साहस और धैर्य के साथ इस कठिन चढ़ाई को पूरा किया। उनका यह अभियान 3 दिसंबर को भारत से रवाना होने के साथ शुरू हुआ। 4 दिसंबर को वह चिली के पुंटा एरेनास पहुंचीं और 7 दिसंबर को यूनियन ग्लेशियर के लिए उड़ान भरी। इसके बाद वह करीब 2,100 मीटर की ऊंचाई पर बने विंसन बेस कैंप पहुंचीं। यूनियन ग्लेशियर से बेस कैंप तक का सफर स्की लगे छोटे विमान से तय किया गया। इस अभियान का नेतृत्व प्रसिद्ध हाई-एल्टीट्यूड गाइड मिंग्मा डेविड शेरपा ने किया। भारतीय टीम को अनुभवी पर्वतारोही भरत थम्मिनेनी और उनकी एक्सपेडिशन कंपनी ‘बूट्स एंड क्रैम्पन’ का सहयोग मिला और नौ सदस्यीय भारतीय टीम ने सही तैयारी, तालमेल और रणनीति के दम पर इस कठिन लक्ष्य को प्राप्त किया।