हिमाचल प्रदेश
प्राकृतिक आपदा के बाद सेवा कार्य में जुटे स्वयंसेवक
27 जून से 2 जुलाई 2025 के बीच हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश, बादल फटने और बाढ़ जैसी घटनाओं ने जनजीवन को बुरी तरह से प्रभावित किया। कई जिलों में तबाही हुई, दर्जनों लोगों की जान गई और कई परिवार बेघर हो गए। इस मुश्किल समय में सेवा भारती हिमाचल प्रदेश और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यकर्ता बिना देर किए राहत कार्य में जुट गए। सरकारी मदद पहुँचने से पहले ही स्वयंसेवक अहम सामान जैसे भोजन, पानी और दवाइयाँ लेकर पीड़ितों तक पहुँच गए। धर्मशाला के मनुणी खड्ड में बाढ़ से फंसे लोगों को स्वयंसेवकों ने तुरंत राहत दी। उन्होंने नाश्ता, फल, दलिया, बिस्कुट, चाय और दूध बाँटा। वही मंडी जिले के पंडोह क्षेत्र में जब पट्टिकरी डैम टूटा, तब भी स्वयंसेवक पीड़ित परिवारों तक राशन, कपड़े, दवाइयाँ और आर्थिक मदद लेकर पहुँचे। थुनाग, करसोग और धर्मपुर जैसे इलाकों में भी सेवा कार्य चलाए गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि जब प्रशासन नहीं पहुँचा था, तब संघ और सेवा भारती के कार्यकर्ता पहले से ही हमारी मदद के लिए वहाँ मौजूद थे। उन्होंने हमें केवल राहत नहीं दी, बल्कि आशा और भरोसा भी दिया। सेवा भारती ने आम नागरिकों से अपील की है कि वो इस कठिन समय में आगे आकर मदद करें। आपका छोटा सा सहयोग किसी जरूरतमंद परिवार के लिए बहुत बड़ी उम्मीद बन सकता है।