• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

गरीब परिवारों के पक्के घर का सपना होगा पूरा, 1.16 लाख लाभार्थियों को दूसरी किश्त जारी

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

लखनऊ, उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया है। जी हां, मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत प्रदेश के 1,16,667 लाभार्थियों के लिए 816.6690 करोड़ रुपये की दूसरी किश्त जारी की गई है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सभी 75 जिलों के पात्र लाभार्थियों के लिए यह धनराशि अवमुक्त की।

पक्का घर बनाने में मिलेगी मदद

बता दें, जारी धनराशि से लाभार्थी अपने मकान के निर्माण का अगला चरण पूरा कर सकेंगे। योजना में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और सामान्य वर्ग के पात्र परिवार शामिल हैं। साथ ही, उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का कोई भी गरीब परिवार कच्चे मकान में रहने को मजबूर न हो। ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित और पक्का घर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि पात्र लाभार्थियों को आवास निर्माण में किसी तरह की परेशानी न हो और स्वीकृत धनराशि समय पर उनके बैंक खातों में पहुंचाई जाए।

ग्रामीण विकास से मजबूत होंगे परिवार

सरकार के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों में पक्के मकान जैसी बुनियादी सुविधाएं मिलने से गरीब परिवारों को सुरक्षित जीवन के साथ सामाजिक और आर्थिक रूप से आगे बढ़ने का अवसर भी मिलेगा। मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के माध्यम से बड़ी संख्या में परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने का काम जारी है।