• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

बरेली में अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार; पाकिस्तानी हैंडलर से कनेक्शन

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

बरेली, उत्तर प्रदेश

बरेली के बहेड़ी में पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मामले में पाकिस्तान कनेक्शन भी सामने आया है। पुलिस को आरोपितों के मोबाइल फोन से पाकिस्तानी इंस्टाग्राम हैंडलर के साथ हथियारों की सप्लाई को लेकर बातचीत के सबूत मिले हैं।

एसएसपी अनुराग आर्य ने पुलिस लाइन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि गोपनीय सूचना मिलने के बाद बहेड़ी सीओ के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस और एसओजी की टीम को कार्रवाई के लिए लगाया गया था।

पुलिस टीम ने बरेली से बहेड़ी आने वाले मार्ग पर गन्ना उत्पादक महाविद्यालय के पास एक खंडहर में छापा मारा। यहां अवैध रूप से हथियार बनाए जा रहे थे। पुलिस ने मौके से सुखराज सिंह, शानू मियां, जीवनदीप सिंह और जसनूर सिंह को गिरफ्तार किया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक तमंचा, 9 एमएम की एक पिस्टल, एक राइफल, दो अधबनी नाल, चार मोबाइल फोन और हथियार बनाने में प्रयोग होने वाले अन्य सामान बरामद किए।

पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि फरार हुए दोनों साथी इशरत पहलवान से जुड़े हैं। इशरत पहलवान पहले भी हथियारों की तस्करी के मामले में जेल जा चुका है।

पाकिस्तानी इंस्टाग्राम हैंडलर से हथियारों की सप्लाई पर बातचीत

जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपित सुखराज सिंह सोशल मीडिया के माध्यम से  पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में था। पुलिस के अनुसार, सुखराज के मोबाइल फोन में इंस्टाग्राम पर अजमल गुर्जर नाम के पाकिस्तानी हैंडलर से बातचीत के साक्ष्य मिले हैं।

पुलिस का कहना है कि दोनों के बीच इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप के माध्यम से हथियारों की सप्लाई को लेकर बातचीत हुई थी। मोबाइल में कुछ डिजिटल सबूत मिले हैं, जबकि कई पुरानी चैट पहले ही डिलीट की जा चुकी थीं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही फरार आरोपितों और हथियारों की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।