• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

अयोध्या से जनकपुर तक दौड़ेगी ट्रेन, रामायण सर्किट को मिलेगी नई रफ्तार

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

अयोध्या, उत्तर प्रदेश

भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने धार्मिक और सांस्कृतिक रिश्ते अब रेल के माध्यम से और मजबूत होने जा रहे हैं। भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम जल्द ही नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा से जुड़ेंगे। 21 नवंबर से शुरू होने वाली इस रेल सेवा से श्रद्धालुओं को दोनों पवित्र धामों की यात्रा करने में आसानी होगी। साथ ही, रामायण सर्किट पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और भारत-नेपाल के बीच पर्यटन, व्यापार और सामाजिक संपर्क को भी नई मजबूती मिलेगी।

अयोध्या से जनकपुर तक 604 किलोमीटर का सफर

बता दें, भारतीय रेलवे ने अयोध्या कैंट और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच साप्ताहिक ट्रेन सेवा को मंजूरी दी है। करीब 604 किलोमीटर लंबा यह रेल मार्ग उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के कई प्रमुख शहरों से होकर गुजरेगा। यह ट्रेन हर शनिवार को जनकपुर धाम से अयोध्या के लिए रवाना होगी, जबकि वापसी में हर सोमवार को अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के लिए चलेगी।

साथ ही इस रेल सेवा के प्रमुख ठहराव जनकपुर धाम, जयनगर, मधुबनी, शिशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम होंगे। इससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को भी आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।

अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी से रामायण से जुड़े धार्मिक स्थलों की यात्रा आसान होगी। इससे दोनों देशों में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय व्यापारियों, होटल कारोबारियों, दुकानदारों और पर्यटन से जुड़े लोगों को भी नए अवसर मिल सकते हैं। यह पहल भारत और नेपाल के सांस्कृतिक संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।