• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

अहमदनगर का नाम परिवर्तन, ‘अहिल्यानगर’ होगा नया नाम

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

महाराष्ट्र सरकार ने अहमदनगर जिले का नाम बदलकर पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होलकर के नाम पर करने का निर्णय लिया है. प्रदेश के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने यह महत्वपूर्ण घोषणा की. पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर की 298वीं जयंती मनाई जा रही है. इस अवसर पर अहिल्या देवी की जन्मस्थली चौंडी (जिला अहमदनगर) में भी अहिल्यादेवी होलकर की जयंती मनाई गई. इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने संबोधित किया. उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी उपस्थित थे.

शिंदे ने कहा कि भविष्य में यह जिला अहिल्यानगर के नाम से जाना जाएगा. यह हमारा सौभाग्य है कि अहमदनगर का नाम बदलने का निर्णय हमारे समय में हो रहा है. इस नाम परिवर्तन से शहर जिले की प्रतिष्ठा भी हिमालय के बराबर होगी.

अहमदनगर का नाम बदलकर अहिल्यादेवी होलकर के नाम पर करने की मांग लंबे समय से उठ रही थी. विधायक गोपीचंद पाडलकर ने मांग की थी कि अहमदनगर का नाम बदलकर अहिल्यानगर किया जाए. कई सामाजिक संगठनों ने भी इसके लिए आग्रह किया था. अहमदनगर का नाम बदलकर अहिल्यानगर करने के लिए एक यात्रा भी निकाली गई थी.

मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि हम अहिल्यादेवी के आदर्शों को सामने रखते हुए काम करते हैं. इसलिए राज्य सरकार ने जल्द ही अहमदनगर का नाम बदलकर अहिल्यानगर करने का निर्णय लिया है. मुझे गर्व है कि मैं और देवेंद्र फडणवीस इस समारोह के साक्षी बने. नाम बदलने से शहर की प्रतिष्ठा भी बढ़ेगी.

उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी इस मांग पर सहमति दी थी. राज्य के मुख्यमंत्री छत्रपति के सैनिक हैं. अत: अहमदनगर का नाम अब अहिल्यानगर होगा. औरंगाबाद का नाम बदलकर छत्रपति संभाजीनगर कर दिया गया. उस्मानाबाद का नाम बदलकर धाराशिव कर दिया गया. इससे यह पुरातन पहचान की ओर अग्रसर होंगे.