जापान में प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे प्रदेश के उच्च तकनीकी संस्थानों के छात्र
उत्तर प्रदेश अब विकास की नई राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। बता दें उत्तर प्रदेश को ‘नेट जीरो’ उत्सर्जन वाला राज्य बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जापान के यामानाशी प्रांत में आयोजित ‘यूपी इन्वेस्टमेंट रोड शो’ के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार और यामानाशी प्रशासन के बीच ग्रीन हाइड्रोजन तकनीक को लेकर एक समझौता (MoU) हुआ।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश केवल समस्याओं पर प्रतिक्रिया देने वाला राज्य नहीं है, बल्कि पहले से योजना बनाकर काम करने वाला राज्य बन चुका है। सरकार निवेशकों के लिए आसान नीतियां बना रही है, ताकि दुनिया भर से लोग यहां निवेश के लिए आएं।
रिपोर्ट के अनुसार, इस समझौते से प्रदेश के युवाओं को सबसे बड़ा फायदा
होगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस साझेदारी के तहत उत्तर प्रदेश के तकनीकी
संस्थानों के छात्रों को जापान में विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे उन्हें नई तकनीक सीखने का मौका मिलेगा और रोजगार के
नए रास्ते खुलेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री ने रोबोटिक्स पर भी जोर दिया। उन्होंने
बताया कि प्रदेश सरकार बजट में ‘रोबोटिक्स सेंटर
ऑफ एक्सीलेंस’ स्थापित करने की
योजना लेकर आई है। जापान की आधुनिक तकनीक और उत्तर प्रदेश के युवाओं की मेहनत
मिलकर राज्य की अर्थव्यवस्था को और मजबूत बनाएगी।



