उत्तर प्रदेश
सरकार लगातार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में कदम उठा रही है। इसी
कड़ी में उत्तर प्रदेश में आयुष्मान कार्ड रखने वाले मरीजों को अब सभी कैंटोनमेंट
अस्पतालों में इलाज की सुविधा दी जाएगी। इसके लिए स्टेट हेल्थ एजेंसी (साचीज) जल्द
ही प्रदेश के 12 कैंटोनमेंट अस्पतालों के साथ MOU साइन करेगी। प्रदेश में कुल 13
कैंटोनमेंट अस्पताल हैं, जिनमें से प्रयागराज कैंटोनमेंट अस्पताल में यह सुविधा पहले
से ही चल रही है।
साचीज की सीईओ
अर्चना वर्मा ने बताया कि जनवरी 2026 से प्रयागराज कैंटोनमेंट अस्पताल में
आयुष्मान कार्ड धारकों का निशुल्क इलाज किया जा रहा है। यहां कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, मेडिकल और
सर्जिकल ऑन्कोलॉजी जैसी गंभीर बीमारियों का इलाज उपलब्ध है। मरीजों को मुफ्त ओपीडी
अप्वाइंटमेंट, मुफ्त जांच और गंभीर रोगियों के लिए मुफ्त परिवहन की सुविधा भी दी जा रही है।
अब सरकार बाकी 12 कैंटोनमेंट अस्पतालों को भी इस योजना से जोड़ने जा रही है। MOU की लगभग सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। इसके बाद लखनऊ, कानपुर, मेरठ, बरेली, वाराणसी, अयोध्या, शाहजहांपुर, मथुरा, आगरा, फतेहपुर, झांसी और बबीना के कैंटोनमेंट अस्पतालों में भी आयुष्मान कार्ड धारकों को इलाज मिल सकेगा।
साचीज की एसीईओ डॉ. पूजा यादव ने बताया कि कैंटोनमेंट अस्पतालों के साथ तालमेल से आयुष्मान कार्ड धारकों को बेहतर और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं मिलेंगी। खास तौर पर गंभीर और जटिल बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को उच्च स्तर का इलाज उपलब्ध होगा। जरूरतमंद मरीजों के लिए पिक-एंड-ड्रॉप की सुविधा भी दी जाएगी, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को अस्पताल तक पहुंचने में परेशानी न हो।
MOU के बाद इन सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों को आयुष्मान योजना के पोर्टल से जोड़ा जाएगा। इससे इलाज, बिलिंग और क्लेम सेटलमेंट की प्रक्रिया आसान, पारदर्शी और समय पर पूरी हो सकेगी। कुल मिलाकर, कैंटोनमेंट अस्पतालों को आयुष्मान योजना से जोड़ने का निर्णय गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए बड़ी राहत सिद्ध होगा।



