मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के युवाओं के नाम लिखी अपनी पाती में कहा कि राज्य सरकार युवाओं को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए हरसंभव अवसर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने किशोरों और युवाओं से इन अवसरों का भरपूर लाभ उठाने की अपील की।
सीएम योगी ने कहा कि आत्मनिर्माण से राष्ट्रनिर्माण का महत्वपूर्ण दायित्व युवाओं के कंधों पर है। उनकी ऊर्जा, प्रतिभा, अनुशासन और दृढ़ संकल्प ही विकसित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को साकार करने में निर्णायक भूमिका निभाएंगे। उन्होंने युवा शक्ति को प्रदेश की सबसे बड़ी पूंजी बताया।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पांच करोड़ घरों पर तिरंगा फहराने के महाअभियान ‘हर घर तिरंगा’ की आज पूर्णाहुति हो रही है। इस अभियान में उत्साह और उमंग के साथ भागीदारी करने वाले सभी प्रदेशवासियों को उन्होंने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने व्यक्तिगत संकल्पों को राष्ट्रनिर्माण के व्यापक लक्ष्य से जोड़ें। साथ ही, स्वस्थ और अनुशासित जीवन के लिए नियमित योग एवं व्यायाम को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाएं।



