• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

सशक्त नारी ही समर्थ उत्तर प्रदेश और विकसित भारत के निर्माण का मजबूत आधार-CM योगी

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

लखनऊ, उत्तर प्रदेश


नारी सशक्तीकरण को प्रदेश के विकास और उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बताते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि सशक्त नारी ही समर्थ उत्तर प्रदेश और विकसित भारत के निर्माण का मजबूत आधार है। बता दें, शारदीय नवरात्रि के पंचम दिवस पर मां स्कन्दमाता की आराधना के अवसर पर उन्होंने मातृशक्ति के सम्मान, बेटियों की शिक्षा, महिलाओं के स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता के महत्व को रेखांकित किया।

जी हां, मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा कि मां स्कन्दमाता की आराधना हमें यह प्रेरणा देती है कि जब नारी शक्ति स्वस्थ, शिक्षित और समर्थ होती है, तभी राष्ट्र का वर्तमान सुरक्षित और भविष्य उज्ज्वल बनता है। उन्होंने प्रदेश में महिलाओं और बेटियों के कल्याण के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण तथा सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं का भी उल्लेख किया।

सीएम के अनुसार, प्रदेश में बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए बुनियादी शैक्षिक सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने ऑपरेशन कायाकल्प के तहत प्राथमिक विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता में वृद्धि और स्कूल छोड़ने वाले विद्यार्थियों की दर में कमी का उल्लेख किया। इसके साथ ही अटल आवासीय विद्यालयों और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के माध्यम से बालिकाओं को बेहतर शैक्षिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित किया। साथ ही उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा में निवेश केवल उनके व्यक्तिगत भविष्य को संवारने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह समाज और प्रदेश की प्रगति में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है।

मुख्यमंत्री ने गर्भवती महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, पोषण अभियान तथा आयुष्मान भारत योजना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से माताओं को पोषण एवं आर्थिक सहायता और पात्र लाभार्थियों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने सुरक्षित मातृत्व और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने महिला पुलिसकर्मियों की संख्या में हुई वृद्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सार्वजनिक जीवन में उनकी भागीदारी बढ़ाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाली बेटियों को मिलने वाले अवसरों का भी जिक्र किया।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज प्रदेश की बेटियां अपनी प्रतिभा, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। उनका सशक्तीकरण परिवार, समाज और राष्ट्र तीनों को मजबूती प्रदान करता है।