• अनुवाद करें: |
मुख्य समाचार

राष्ट्रीय खेलों के लिए उत्तराखंड की हॉकी टीम में हरिद्वार की बेटियों का दबदबा

  • Share:

  • facebook
  • twitter
  • whatsapp

राष्ट्रीय खेलों के लिए उत्तराखंड की हॉकी टीम में हरिद्वार की बेटियों का दबदबा

  • - इस प्रतियोगिता में उत्तराखंड की महिला और पुरुष हॉकी टीमों का भी चयन हुआ है, जिसमें हरिद्वार की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन कर जगह बनाई
  • - चयन कमेटी ने हरिद्वार की आठ महिला खिलाड़ियों पर भरोसा जताया, जो राज्य के लिए मेडल जीतने की प्रबल दावेदार मानी जा रही हैं

हरिद्वार: राष्ट्रीय खेल 2024 के तहत हॉकी प्रतियोगिताएं 4 फरवरी से शुरू होकर 13 फरवरी तक चलेंगी। इस प्रतियोगिता में उत्तराखंड की महिला और पुरुष हॉकी टीमों का भी चयन हुआ है, जिसमें हरिद्वार की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन कर जगह बनाई। चयन कमेटी ने हरिद्वार की आठ महिला खिलाड़ियों पर भरोसा जताया, जो राज्य के लिए मेडल जीतने की प्रबल दावेदार मानी जा रही हैं।  

हरिद्वार की आठ बेटियां महिला हॉकी टीम में शामिल  

महिला हॉकी टीम में हरिद्वार की आठ प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन हुआ। इनमें शामिल हैं:  

1. कहकशा अली  
2. ज्योति मेहरा  
3. सलोनी पिलखवाल  
4. खुशी कटारिया  
5. मुस्कान कटारिया  
6. प्रीति शर्मा (रुड़की)  
7. आरती कलूड़ा (श्यामपुर)  
8. पूजा कलूड़ा (श्यामपुर)  

इनमें से कहकशा, ज्योति और सलोनी वंदना कटारिया स्पोर्ट्स स्टेडियम रोशनाबाद के हॉकी बालिका छात्रावास की खिलाड़ी हैं। खुशी कटारिया अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया की भतीजी हैं, जबकि मुस्कान कटारिया भी वंदना के गांव की रहने वाली हैं।  

श्यामपुर की आरती कलूड़ा और पूजा कलूड़ा श्रीराम विद्या मंदिर श्यामपुर की छात्राएं हैं। उनके कोच बलविंदर सिंह ने उम्मीद जताई कि हरिद्वार की बेटियां राज्य के लिए मेडल जीतने के लिए जी-जान से मेहनत करेंगी।  

पुरुष टीम में हरिद्वार के विशाल कुमार का चयन- 

पुरुष हॉकी टीम में हरिद्वार से मात्र एक खिलाड़ी विशाल कुमार का चयन हुआ। वे गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के छात्र हैं और अब उत्तराखंड की 18 सदस्यीय टीम में अपने खेल का जौहर दिखाएंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विशाल के चयन पर खुशी जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।  

हरिद्वार की बेटियों से पदक की उम्मीदें-  

राष्ट्रीय खेलों के लिए हॉकी टीम में हरिद्वार की बेटियों की मजबूत उपस्थिति राज्य के लिए गर्व की बात है। चयनित खिलाड़ी अपने शानदार प्रदर्शन से उत्तराखंड को पदक दिलाने के लिए पूरी ताकत झोंक देंगी। हॉकी कोच बलविंदर सिंह ने कहा कि यह टीम प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर सकती है और राज्य का नाम रोशन करेगी।